टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में यूपी की दो युवतियां गिरफ्तार, शूटरों तक पहुंचाई थी पिस्टल
जानकारी के मुताबिक, बबीता करीब दो साल पहले हरियाणा के सोनीपत गई थी। उसने अपने परिवार को बताया था कि वह वहां एक नमकीन फैक्ट्री में नौकरी करती है। वहीं, राधा भी हरियाणा में काम करती थी। दोनों हरियाणा के बहालगढ़ में एक ही मकान में किराये पर रहती थीं।

ट्रेन से मुंबई पहुंचने का आरोप
पुलिस का दावा है कि बबीता और राधा ट्रेन से मुंबई पहुंचीं और कथित तौर पर शूटरों तक पिस्टल पहुंचाई। आरोप है कि इसी पिस्टल का इस्तेमाल टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के दौरान किया गया। पुलिस के अनुसार, इस काम के बदले दोनों को महज 10 से 12 हजार रुपये मिले थे।
अब तक सात आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में अब तक सात आरोपियों ऋतिक, रेहान, फूल सिंह, कुणाल, सुमित, बबीता और राधा को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। ये आरोपी उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस मामले में आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हालांकि, आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होनी बाकी है।
