लखनऊ में ‘उड़ान 2026’ का भव्य आयोजन, 50 से अधिक शिक्षाविदों और प्रतिभाओं को मिला ‘गुरु द्रोणाचार्य अवॉर्ड’

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रहे मुख्य अतिथि, विदेश में उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मिला जरूरी मार्गदर्शन

 
tuyt
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शिक्षा, करियर और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विदेशी शिक्षा परामर्श संस्था माय मेंटर की ओर से वार्षिक कॉन्क्लेव ‘उड़ान 2026’ का आयोजन किया गया। गोमती नगर स्थित हयात रीजेंसी में आयोजित इस कार्यक्रम में विदेश में उच्च शिक्षा के लिए जाने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष प्री-डिपार्चर ब्रीफिंग आयोजित की गई। साथ ही शिक्षा और समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक शिक्षाविदों, स्कूल प्रमुखों, उच्च शिक्षा विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों को ‘गुरु द्रोणाचार्य अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर सही शैक्षणिक योजना, समय पर मार्गदर्शन और वैश्विक स्तर पर उपलब्ध अवसरों की जानकारी को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण रखने और बेहतर करियर विकल्पों के लिए विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लेने की सलाह दी। उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के आयोजन और विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा के लिए तैयार करने की दिशा में माय मेंटर के सह-संस्थापक अनूप अग्रवाल और जया अग्रवाल के प्रयासों की सराहना की।

शिक्षा जगत की हस्तियों को मिला सम्मान

‘उड़ान 2026’ के दौरान उत्तर प्रदेश के स्कूल शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई शिक्षाविदों को ‘गुरु द्रोणाचार्य अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली प्रमुख हस्तियों में दिल्ली पब्लिक स्कूल, एल्डेको की प्रिंसिपल गुंजन साहनी, कुन्वर ग्लोबल स्कूल के प्रिंसिपल सुशांत श्रीवास्तव, जागरण पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल रुद्रेंद्र बसाक, सेंट्रल अकादमी के प्रिंसिपल धीरेंद्र प्रताप सिंह, एसआर ग्लोबल स्कूल की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मोनिका तिवारी शामिल रहीं।

इसके अलावा द मिलेनियम स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. मंजुला गोस्वामी, एलनहाउस पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल मनीषा अंथवाल, एम.आर. जयपुरिया स्कूल की वाइस प्रिंसिपल निशि प्रसाद और एमिटी इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल रचना मिश्रा को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

उच्च शिक्षा संस्थानों के प्रतिनिधियों का भी सम्मान

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े शिक्षाविदों को भी सम्मान प्रदान किया गया। एमिटी यूनिवर्सिटी, नेशनल पीजी कॉलेज, आईएचएम लखनऊ, इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, आईआईआईटी लखनऊ और लखनऊ विश्वविद्यालय सहित कई संस्थानों के शिक्षाविदों की उपस्थिति और सम्मान ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

विदेश जाने वाले विद्यार्थियों को मिली प्री-डिपार्चर ब्रीफिंग

कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा विदेश में उच्च शिक्षा के लिए जाने वाले विद्यार्थियों के लिए आयोजित प्री-डिपार्चर ब्रीफिंग रहा। इसमें विद्यार्थियों को विदेश में पढ़ाई के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों, शैक्षणिक वातावरण, आवश्यक तैयारियों और नई परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने से संबंधित जरूरी जानकारी दी गई। आयोजकों के अनुसार, विद्यार्थियों को केवल विदेश में प्रवेश दिलाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें वहां की शिक्षा व्यवस्था और जीवनशैली के लिए मानसिक एवं व्यावहारिक रूप से तैयार करना भी जरूरी है।

Tags