बलरामपुर में श्री गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 के तहत लगेंगे 70 निःशुल्क मेडिकल कैंप, 30 हजार ग्रामीणों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा

Under the 'Shri Guru Gorakshnath Swasthya Seva Yatra 7.0' in Balrampur, 70 free medical camps will be organized, extending healthcare services to 30,000 villagers.
 
ygvu

बलरामपुर। नेपाल सीमा से सटे दुर्गम और दूरदराज के गांवों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 के तहत बलरामपुर जिले में व्यापक स्वास्थ्य अभियान चलाया जाएगा। नेशनल मेडिकल ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के अंतर्गत जिले के चार विकासखंडों में 70 निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र के करीब 300 गांवों के 30 हजार ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान के तहत पचपेड़वा विकासखंड में सर्वाधिक 33 मेडिकल कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा हरैया सतघरवा में 15, गैसड़ी में 12 और तुलसीपुर में 10 शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में एलोपैथिक, आयुर्वेदिक और यूनानी चिकित्सा पद्धतियों के करीब 300 विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। साथ ही उन्हें निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

स्वास्थ्य यात्रा में पीजीआई, केजीएमयू और डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान सहित उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल होंगे। चिकित्सकों की टीम 21 नवंबर को बलरामपुर पहुंचेगी। शिविरों में सामान्य चिकित्सा, दंत रोग, स्त्री रोग और बाल रोग विशेषज्ञ मरीजों की जांच एवं उपचार करेंगे। इसके अतिरिक्त ब्लड प्रेशर और शुगर की निःशुल्क जांच, दवा वितरण, गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने तथा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में मेडिकल कैंप आयोजित करने के साथ ही देवीपाटन मंदिर परिसर में विशाल मेगा स्वास्थ्य कैंप भी लगाया जाएगा। इसमें 25 हजार मरीजों के उपचार का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का प्रमुख उद्देश्य सीमावर्ती और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को उनके गांवों के नजदीक ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराना है।

प्रेसवार्ता में एनएमओ के जिलाध्यक्ष डॉ. शरद सिंह, सीमा जागरण मंच के प्रांत उपाध्यक्ष प्रो. जेपी पांडेय, यात्रा संयोजक रामकृपाल शुक्ल और जिला प्रचार प्रमुख मोहनीश ने संयुक्त रूप से अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सेवा कार्य में सेवा भारती, एकल अभियान, विश्व हिंदू परिषद, सीमा जागरण मंच, वनवासी कल्याण आश्रम और आरोग्य भारती सहित कई सामाजिक संगठन सहयोग करेंगे।

आयोजकों ने विश्वास जताया कि श्री गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 सीमावर्ती क्षेत्र के हजारों जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Tags