अनूठी पहल: तिलक लगाकर मनाया हिंदू नववर्ष, प्रभात फेरी से गूंजा पिहानी नगर
पिहानी। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर कस्बे में हिंदू नववर्ष को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। सरस्वती शिशु मंदिर एवं सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने एक अनूठी पहल करते हुए नगरवासियों को तिलक लगाकर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में बच्चों ने कटरा बाजार और बस स्टैंड क्षेत्र में पहुंचकर आमजन से संवाद किया और भारतीय नववर्ष के महत्व के बारे में जागरूक किया। इस दौरान राहगीरों और दुकानदारों ने भी बच्चों के इस प्रयास का स्वागत किया और उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रभात फेरी का भी आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व बिंदु सिंह, समीर बाजपेई और अवनीश सिंह ने किया। प्रभात फेरी में शामिल छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और सांस्कृतिक नारों के साथ नगर का भ्रमण किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का वातावरण बन गया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित होती है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक संदेश देने वाला प्रेरणादायक कदम बताया।
