सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर एकता पदयात्रा एवं जनसभा का आयोजन, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

Unity march and public meeting organised on the 150th birth anniversary of Sardar Patel, large number of people participated
 
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर एकता पदयात्रा एवं जनसभा का आयोजन, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

बलरामपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को जिले में एकता पदयात्रा और जनसभा का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक गैसड़ी शैलेश कुमार सिंह शैलू के नेतृत्व में यह पदयात्रा भोजपुर संतरी से प्रारंभ हुई, जो एचडी बाजार पहुंचकर जनसभा के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं भाजपा विधान मंडल के सचेतक तथा कुर्सी विधायक साकेंद्र वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद 562 रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका ने भारत की अखंडता को नई मजबूती दी। उन्होंने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोच्च माना।

विशिष्ट अतिथि एवं देवरिया विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल के सपनों को साकार करने का कार्य आज की डबल इंजन सरकार कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा—स्टैच्यू ऑफ यूनिटी—का निर्माण कराया गया, जो सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि है।

अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी ने बताया कि प्रदेश सरकार जल्द ही उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सरदार पटेल पार्कों का निर्माण कराएगी, जिससे युवाओं को उनके व्यक्तित्व और योगदान को समझने का अवसर मिलेगा।

सदर विधायक पलटू राम और पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पूरे देश में अभियान के रूप में मनाई जा रही है। आत्मनिर्भर भारत का सपना भी सरदार पटेल की ही सोच थी, जिसे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साकार कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान अल्पसंख्यक मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अब्दुल अजीज खान, पचपेड़वा अध्यक्ष रवि वर्मा, गैसड़ी अध्यक्ष प्रिंस वर्मा, ब्लॉक प्रमुख मनोज तिवारी, जगदंबा सिंह शक्ति, मदन जयसवाल, आनंद सिंह अन्नू, रामदीन वर्मा, मेही लाल वर्मा, सुंदर वर्मा, दयाराम प्रजापति, हरिश्चंद्र और सरदार परमजीत सिंह पम्मी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Tags