बुद्ध पूर्णिमा पर हरदोई में भगवान बुद्ध और बाबा साहब की प्रतिमाओं का अनावरण

Statues of Lord Buddha and Baba Saheb unveiled in Hardoi on Buddha Purnima
 
Statues of Lord Buddha and Baba Saheb unveiled in Hardoi on Buddha Purnima

हरदोई। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर हरदोई जिले के ग्राम सिकंदरपुर बघौली में भगवान गौतम बुद्ध और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में अपना दल (एस) के जिला अध्यक्ष एवं बरौली प्रधान राजेन्द्र कुमार गौतम मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर राजेन्द्र कुमार गौतम ने भगवान गौतम बुद्ध के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बुद्ध ने राजसी जीवन का त्याग कर सत्य और ज्ञान की खोज का मार्ग चुना। कठोर तपस्या के बाद उन्हें बुद्धत्व की प्राप्ति हुई और उन्होंने पूरे विश्व को मानवता, शांति, समता और करुणा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत को इसलिए भी सम्मान की दृष्टि से देखती है क्योंकि भगवान बुद्ध ने इसी धरती पर जन्म लिया।

उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वतंत्रता से पहले भारतीय समाज में जातिगत भेदभाव और सामाजिक असमानता गहराई तक फैली हुई थी। महिलाओं और वंचित वर्गों को समान अधिकार प्राप्त नहीं थे। बाबा साहब ने भारतीय संविधान की रचना कर समाज के हर वर्ग को समानता और अधिकार दिलाने का कार्य किया।

राजेन्द्र गौतम ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने वर्ष 1956 में बौद्ध धर्म अपनाकर सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. भीमराव अंबेडकर बुद्ध विहार समिति, सिकंदरपुर बघौली द्वारा किया गया। इस मौके पर विपिन कुमार, सुनील कुमार, पिंटू कुमार, मुन्ना लाल, देवेंद्र कुमार, पवन कुमार, मंजेश कुमार, चादिका प्रसाद, सवेश कुमार, गंगा चरण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Tags