दीपावली पर यूपी-112 की बड़ी सक्रियता, तीन दिन में 2.05 लाख से अधिक लोगों को मिली मदद
छोटी दीपावली से अगले दिन तक अलर्ट मोड पर रहीं पीआरवी; पुलिस संबंधी मामलों के साथ मेडिकल और फायर इमरजेंसी में भी पहुंचाई सहायता
लखनऊ, 12 नवंबर। दीपावली के दौरान उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को त्वरित आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने के लिए यूपी-112 की पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) ने व्यापक स्तर पर सक्रियता दिखाई। छोटी दीपावली से लेकर दीपावली के अगले दिन तक तीन दिनों में यूपी-112 ने कुल 2,05,738 लोगों तक पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराई। यह आंकड़ा सामान्य दिनों में प्रतिदिन मिलने वाली लगभग 38 हजार सहायता की तुलना में काफी अधिक है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से त्योहारों के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देशों के बीच प्रदेशभर में पीआरवी को अलर्ट मोड पर रखा गया था। पुलिस, मेडिकल और अग्निशमन से जुड़ी आपात स्थितियों में जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
दीपावली के दिन बढ़ी सहायता की मांग
यूपी-112 के डीजी विनोद कुमार सिंह के अनुसार, तीन दिनों के दौरान आपातकालीन सहायता की मांग में लगातार वृद्धि दर्ज की गई।
-
7 नवंबर (छोटी दीपावली): 53,264 लोगों को सहायता मिली।
-
8 नवंबर (दीपावली): 74,816 लोगों तक मदद पहुंचाई गई।
-
9 नवंबर (दीपावली के अगले दिन): 77,753 लोगों को सहायता उपलब्ध कराई गई।
इस तरह तीन दिनों में कुल 2,05,738 नागरिकों को यूपी-112 की सेवाओं का लाभ मिला। अधिकारियों के मुताबिक, त्योहार के दौरान पीआरवी की तैनाती और त्वरित प्रतिक्रिया के जरिए लोगों की सुरक्षा तथा अन्य आपात जरूरतों पर ध्यान दिया गया।
पुलिस संबंधी मामलों में सबसे अधिक सहायता
दीपावली के दौरान यूपी-112 पर सबसे ज्यादा कॉल पुलिस से संबंधित मामलों को लेकर आईं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 7 नवंबर को करीब 41 हजार, 8 नवंबर को लगभग 56 हजार और 9 नवंबर को करीब 59 हजार लोगों को पुलिस संबंधी मामलों में सहायता दी गई।
इसके अलावा स्वास्थ्य और आग से जुड़ी आपात स्थितियों में भी त्वरित कार्रवाई की गई। 7 से 9 नवंबर के बीच मेडिकल सहायता से जुड़े 36,817 इवेंट्स पर एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई। वहीं, आग लगने की घटनाओं और अन्य अग्निशमन संबंधी आपात स्थितियों में 7,029 इवेंट्स पर फायर ब्रिगेड की मदद पहुंचाई गई। आतिशबाजी और दीपावली के दौरान आग लगने की आशंकाओं को देखते हुए अग्निशमन सेवाओं की सक्रियता महत्वपूर्ण रही।
सवेरा योजना के तहत 2,018 बुजुर्गों को मिली मदद
वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए संचालित सवेरा योजना के तहत भी यूपी-112 ने विशेष सतर्कता बरती। त्योहार के दौरान अकेले रहने वाले और सहायता की जरूरत वाले बुजुर्गों को प्राथमिकता दी गई। 7 से 9 नवंबर के बीच इस योजना के तहत पंजीकृत 2,018 वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों को त्योहार के दौरान सुरक्षित महसूस कराना और उनकी समस्याओं पर तत्काल प्रतिक्रिया देना रहा।
रात में 11 महिलाओं को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाया
महिलाओं की सुरक्षा के लिए यूपी-112 की 'एस्कॉर्ट फॉर वुमेन सेफ्टी' सेवा भी दीपावली के दौरान सक्रिय रही। इस सेवा के तहत रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच साधन उपलब्ध नहीं होने पर अकेली महिलाओं को पीआरवी के माध्यम से सुरक्षित उनके घर या निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाने में मदद की गई।
7 से 9 नवंबर के बीच इस सुविधा के जरिए 11 महिलाओं को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाया गया। यूपी-112 के अधिकारियों के मुताबिक, त्योहार के दौरान पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन और महिला सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं को सक्रिय रखकर नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
