यूपी बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाएं: लखनऊ मंडल में 11 से 19 जनवरी तक होगा प्रथम चरण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षा 2027 की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय, प्रयागराज की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार लखनऊ मंडल के सभी छह जिलों में प्रथम चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 11 जनवरी से 19 जनवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी।
संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल कार्यालय के मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं से संबंधित अन्य जानकारी और परीक्षकों की नियुक्ति आदि की सूचना परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि परिषद से मिले निर्देशों के अनुसार हाईस्कूल स्तर पर विज्ञान एवं गृहविज्ञान विषयों को छोड़कर अन्य विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं पिछले वर्ष की भांति विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर कराई जाएंगी। आंतरिक मूल्यांकन के प्राप्तांक परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। इसके लिए वेबसाइट एक जनवरी 2027 से क्रियाशील हो जाएगी।
डॉ. दिनेश कुमार के अनुसार विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं दिसंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों द्वारा संपन्न कराई जाएंगी। वहीं, कक्षा 10 और 12 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी 2027 के प्रथम सप्ताह में आयोजित होंगी।
इसके अतिरिक्त कक्षा 9 और 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी 2027 के द्वितीय एवं तृतीय सप्ताह में विद्यालय स्तर पर प्रधानाचार्यों की देखरेख में कराई जाएंगी। संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार ही प्रयोगात्मक एवं लिखित परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए मंडल के सभी छह जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों को आवश्यक निर्देश अग्रसारित कर दिए हैं।
