लखनऊ में यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का भव्य आगाज, 200 से अधिक कंपनियों ने लगाई प्रदर्शनी

Grand Launch of UP Energy Expo 2026 in Lucknow; Over 200 Companies Set Up Exhibits
 
लखनऊ में यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का भव्य आगाज, 200 से अधिक कंपनियों ने लगाई प्रदर्शनी

लखनऊ। राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में गुरुवार को यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस मेगा आयोजन में देश-विदेश की 200 से अधिक कंपनियां सौर ऊर्जा, स्मार्ट ग्रिड, ऊर्जा भंडारण और इलेक्ट्रिक वाहन तकनीकों का प्रदर्शन कर रही हैं। एक्सपो का उद्घाटन गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

यूपी ऊर्जा एक्सपो 2026 का आयोजन पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI), फर्स्ट व्यू और यूपीनेडा के सहयोग से किया गया है। कार्यक्रम को इन्वेस्ट यूपी, सेवा, सिगएनर्जी इंडिया, ऑइकन सोलर, केईआई इंडस्ट्रीज, पॉलीकैब इंडिया, सालासार टेक्नो इंजीनियरिंग, साएल इंडस्ट्रीज, रेडिको खेतान, एरम फिनटैक्स इंडिया, सिनको एनर्जी और ट्रू पावर सहित कई संस्थाओं का सहयोग प्राप्त है।

यूपी ने नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में लगाई बड़ी छलांग : ब्रजेश पाठक

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश ने वैकल्पिक और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पांच हजार से अधिक कंपनियों के माध्यम से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है।

उन्होंने बताया कि रूफटॉप सोलर संयंत्रों की वजह से करीब 6500 एकड़ भूमि की बचत हुई है और केवल अप्रैल माह में 52 हजार से अधिक सोलर संयंत्र स्थापित कर उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि ऊर्जा क्षेत्र में किसी नीतिगत सुधार की आवश्यकता होगी तो सरकार सकारात्मक कदम उठाएगी।

hhh

अगले 10 वर्षों में यूपी बनेगा ‘ऊर्जा प्रदेश’

ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि अगले दशक में उत्तर प्रदेश देश का प्रमुख ऊर्जा प्रदेश बन सकता है। इसके लिए सरकार थर्मल, सोलर, हाइब्रिड और बैटरी स्टोरेज जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश और परियोजनाओं पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बायो एनर्जी और सोलर एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए नई नीतियां तैयार की जा रही हैं। साथ ही उन्होंने उद्यमियों से उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा उद्योग स्थापित करने की अपील की और भरोसा दिलाया कि यूपीनेडा, यूपीपीसीएल और राज्य सरकार उनका हरसंभव सहयोग करेंगी।

डॉ. गोयल ने बताया कि बिजली वितरण व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पहले जहां हर साल बड़ी संख्या में ट्रांसफॉर्मर खराब होते थे, वहीं अब डैमेज रेट में लगभग 70 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

iii

यूपी में 5 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित

यूपीनेडा के निदेशक रविंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में अब तक पांच लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं, जिनसे लगभग 1700 मेगावाट ऊर्जा उत्पादन क्षमता तैयार हुई है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से इस क्षेत्र में हजारों करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई है।

एक्सपो में नई तकनीकों और नवाचारों का प्रदर्शन

कार्यक्रम में पीएचडीसीसीआई के सह-अध्यक्ष विवेक अग्रवाल और राजेश निगम ने हरित ऊर्जा को भारत के भविष्य का आधार बताया। वहीं सेवा के अध्यक्ष पराग मिश्रा ने कहा कि एक्सपो में रूफटॉप सोलर सिस्टम, बड़े सौर संयंत्र, इलेक्ट्रिक वाहन, स्मार्ट ग्रिड और ऊर्जा भंडारण से जुड़ी अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

hhh

फर्स्ट व्यू के सीईओ वरुण गुलाटी ने कहा कि एक्सपो का उद्देश्य लोगों को नई सौर तकनीकों और नवाचारों से जोड़ना है। पीएचडीसीसीआई के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि आयोजन में भारत और विदेशों की 200 से अधिक कंपनियां भाग ले रही हैं।

एक्सपो के दौरान चार तकनीकी सत्र और कई पैनल चर्चाओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें 30 से अधिक विशेषज्ञों ने नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाओं और चुनौतियों पर विचार साझा किए। पूरे दिन बड़ी संख्या में लोग एक्सपो देखने पहुंचे।

Tags