डेयरी किसानों की आय बढ़ाने पर जोर, पशु खरीद पर 50 प्रतिशत सब्सिडी दे रही यूपी सरकार
लखनऊ डेस्क आर एल पाण्डेय। उत्तर प्रदेश सरकार पशुपालकों और डेयरी किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशु खरीद पर 50 प्रतिशत सब्सिडी, गुणवत्तापूर्ण सीमेन और टीकाकरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। सरकार का जोर कम लागत में अधिक दूध उत्पादन के साथ आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देकर डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने पर है।
यह बात पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने वाराणसी में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) और उसकी सहायक संस्था एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज (एनडीएस) की ओर से बीएचयू के हैलीपैड मैदान में आयोजित ग्रामीण उत्सव ‘रंगीलो काशी’ के शुभारंभ अवसर पर कही।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए सरकार पशुधन की गुणवत्ता सुधारने, बेहतर प्रजनन सुविधाएं उपलब्ध कराने और टीकाकरण जैसी सेवाओं को मजबूत कर रही है। आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक तरीकों के इस्तेमाल से कम लागत में अधिक दूध उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
डेयरी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा
एनडीडीबी एवं एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज के चेयरमैन डॉ. मीनेश शाह ने कहा कि ‘रंगीलो काशी’ का उद्देश्य किसानों को नई जानकारी, आधुनिक तकनीक और उपलब्ध अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के साथ किसानों की दूध उत्पादकता और आय बढ़ाने के लिए विभिन्न पहल की जा रही हैं।
एनडीडीबी के निदेशक दुर्गा प्रसाद मिश्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा दूध उत्पादक राज्य है और देश के कुल दूध उत्पादन में राज्य की हिस्सेदारी करीब 16 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डेयरी क्षेत्र के विकास की अभी काफी संभावनाएं मौजूद हैं।
हर जिले में डेयरी सहकारी समिति का लक्ष्य
डेयरी विकास आयुक्त धनलक्ष्मी के. ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर जिले में डेयरी सहकारी समिति स्थापित करना है। इसके साथ ही ब्लॉक स्तर पर राष्ट्रीय गोकुल मिशन को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि महिला डेयरी किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें ‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
‘नंदी शो’ रहा आकर्षण का केंद्र
ग्रामीण उत्सव के उद्घाटन समारोह में ‘नंदी शो’ प्रमुख आकर्षण रहा। इसमें साहीवाल, थारपारकर, भदावरी और गिर जैसी प्रमुख नस्लों के सांडों का प्रदर्शन किया गया।कार्यक्रम के दौरान किसानों के होनहार बच्चों तथा डेयरी विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया गया।इस अवसर पर एनडीडीबी के निदेशक दुर्गा प्रसाद मिश्र, एनडीडीबी एवं एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज के चेयरमैन डॉ. मीनेश शाह, डेयरी विकास आयुक्त धनलक्ष्मी के. सहित कई प्रमुख अधिकारी एवं अतिथि मौजूद रहे।
