छठीं एशियन स्वात (फ्रेंच मार्शल आर्ट) चैंपियनशिप में यूपी के खिलाड़ियों ने जीते चार पदक
Players from Uttar Pradesh won four medals in the 6th Asian Swat (French Martial Art) Championship
Fri, 14 Feb 2025

लखनऊ डेस्क (आर एल पाण्डेय)। उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने नई दिल्ली में आयोजित छठीं एशियन स्वात (फ्रेंच मार्शल आर्ट) चैंपियनशिप में 2 रजत व 2 कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का परचम लहराया। नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में गत 9 से 12 फरवरी, 2025 तक आयोजित इस चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्तर प्रदेश के शैलेश कुमार ने पुरुष काम्बेट 89.5 किग्रा वर्ग में व कोमल सिंह ने महिला काम्बेट 44.9 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। वहीं विशाल सिंह ने पुरुष काम्बेट 51.9 किग्रा व सर्वेश ने पुरुष एसाल्ट 65.8 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीते।
इन पदक विजेताओं का वापसी के बाद स्वात एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के पदाधिकारीगण ने बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो.मनोज दीक्षित ने अपने आर्शीवचन में कहा कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ी चुनौती पेश करते हुए उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मौजूद सचिव केबी पंत, कोषाध्यक्ष कमल जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष् अशोक त्रिपाठी, उपाध्यक्ष श्रीमती रचना गोविल ने पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रदर्शन के लिए बधाई दी।