UP Skill Development: युवाओं के हुनर को मिल रहा सम्मान; CM योगी ने किया 'कौशलम' पुस्तिका का विमोचन, 11 युवा आइकॉन सम्मानित
World Youth Skills Day UP 2026: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार युवाओं को हुनरमंद बनाकर 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' के संकल्प को धरातल पर उतार रही है। इसी कड़ी में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) द्वारा लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में राज्य स्तरीय समारोह ‘कौशल से स्वावलंबन, स्वावलंबन से सम्मान’ का भव्य आयोजन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम ने अत्याधुनिक कौशल विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन व बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने विभाग की उपलब्धियों और भविष्य के रोडमैप पर आधारित विशेष ‘कौशलम’ पुस्तिका का विमोचन किया तथा विभाग की गौरवशाली यात्रा पर बनी एक लघु फिल्म भी देखी। इस मौके पर आईटीआई (ITI) अलीगंज, लखनऊ के छात्रों द्वारा स्वनिर्मित एक खूबसूरत स्मृति चिह्न मुख्यमंत्री को भेंट किया गया।
सीएम के हाथों सम्मानित हुए 11 'युवा आइकॉन'
समारोह का सबसे गौरवान्वित करने वाला पल वह था, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त कर देश-विदेश में अपनी सफलता का परचम लहराने वाले 11 होनहार युवाओं को 'युवा आइकॉन' के रूप में सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाले युवाओं में शीतल कुमारी, नेहा (हमीरपुर), फर्दीन खान (गाजीपुर), मोहम्मद बिलाल (लखनऊ), राजरानी (बरेली) शामिल हैं। इसके अलावा स्वरोजगार के क्षेत्र में मिसाल कायम करने वाली वर्तिका गुप्ता (70 हजार रुपये मासिक आय), अर्जुन पाल (1 लाख रुपये मासिक आय) और गौतमबुद्धनगर की संगीता वर्मा (2 लाख रुपये मासिक आय) को भी मंच पर सम्मानित किया गया। इनके साथ ही शिवांग वर्मा, राजीव विश्वकर्मा और विनीता को भी सीएम के कर-कमलों से सम्मान मिला।
सफल युवाओं ने साझा की सफलता की प्रेरक कहानियां
मंच पर जब सम्मानित युवाओं ने अपनी आपबीती और सफलता के सफर को साझा किया, तो पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा:
-
शुभ्रा विश्वास (IToT लखनऊ): "आईटीआई में मुझे परिवार जैसा माहौल मिला। आज मुझे गर्व है कि मैं हर महीने 5 लाख रुपये कमा रही हूं और 70 हजार रुपये तक की सैलरी पर दूसरे युवाओं को रोजगार दे रही हूं।"
-
कृष्ण कुमार साहू (ITI उन्नाव): कौशल विकास से मिले तकनीकी प्रशिक्षण के दम पर आज कृष्ण कुमार 'एनसीएल कोल इंडिया' में लगभग 1 लाख रुपये प्रति माह की प्रतिष्ठित नौकरी कर रहे हैं।
-
भावना दुबे (ITI फैशन डिजाइनिंग): स्वरोजगार के जरिए हर महीने 70 हजार से अधिक कमा रहीं भावना ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा— "अगर हाथ में हुनर है, तो आप दुनिया के किसी भी कोने में शान से सर्वाइव कर जाओगे।"
-
ज्ञान प्रकाश वर्मा (IToT लखनऊ): ज्ञान प्रकाश ने खुद का एक हेल्थकेयर स्टार्टअप शुरू किया है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के जरिए महिलाओं के स्वास्थ्य पर काम कर रहा है। वे कई अन्य युवाओं को रोजगार भी दे रहे हैं।
'योगीराज में बदला यूपी का मॉडल, बजट 9 गुना बढ़ा' : कपिल देव अग्रवाल
विभागीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों का ब्योरा देश के सामने रखा। उन्होंने कहाआज पूरी दुनिया देख रही है कि उत्तर प्रदेश में कैसे कानून-व्यवस्था की मजबूती, गुंडागर्दी का खात्मा, 24 घंटे बिजली और बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ युवाओं को रोजगार से जोड़ने का एक सफल मॉडल तैयार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' और 'स्किल इंडिया' के सपने को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी में सच कर रहे हैं। युवाओं के इसी हुनर को पंख देने के लिए हमारी सरकार ने कौशल विकास का बजट 9 गुना बढ़ाकर 3310 करोड़ रुपये कर दिया है।"
आंकड़े जो बयां कर रहे हैं उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर
विभागीय मंत्री ने उत्तर प्रदेश में आए कौशल क्रांति के बड़े आंकड़े भी प्रस्तुत किए:
| मुख्य क्षेत्र | पिछले वर्षों की उपलब्धि / भावी लक्ष्य |
| प्रशिक्षण व रोजगार | पिछले 9 वर्षों में 20 लाख युवाओं को ट्रेनिंग दी गई, जिनमें से 12.50 लाख को रोजगार मिला। |
| आगामी लक्ष्य (2026-27) | चालू वित्तीय वर्ष में 10 लाख नए युवाओं को हुनरमंद बनाने का लक्ष्य। |
| रोजगार का महा-आंकड़ा | पिछले 8 वर्षों में प्रदेश के 60 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला, जिसमें अकेले UPSDM से 14 लाख से ज्यादा युवा जुड़े। |
| टाटा समूह के साथ डील | 7000 करोड़ रुपये का CSR MoU साइन हुआ है, जिसके तहत प्रदेश के 225 आईटीआई को हाई-टेक तकनीक से अपग्रेड किया गया है। |
भविष्य की उड़ान: AI, रोबोटिक्स और 'ब्लू डॉट' सॉफ्टवेयर
उत्तर प्रदेश सरकार अब युवाओं को पारंपरिक ट्रेड से आगे निकालकर चौथी औद्योगिक क्रांति (Industry 4.0) के लिए तैयार कर रही है।
-
फ्यूचरिस्टिक ट्रेड्स: अब राज्य के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV), 3D प्रिंटिंग और डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग जैसे आधुनिक विषयों में ट्रेनिंग दी जा रही है।
-
आगामी 5 वर्षों का प्लान: आने वाले समय में सेमीकंडक्टर निर्माण, ग्रीन एनर्जी, ड्रोन टेक्नोलॉजी और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में विशेष ट्रेनिंग हब बनाए जाएंगे।
-
'ब्लू डॉट' (Blue Dot) सॉफ्टवेयर: सरकार ने एक अनोखा सॉफ्टवेयर तैयार किया है, जहां युवा अपना बायोडाटा अपलोड करेंगे और कंपनियां सीधे उन्हें नौकरी के लिए कॉल करेंगी। इससे युवाओं को नौकरी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
-
प्रोजेक्ट प्रवीण व जीरो पॉवर्टी: इसके तहत कक्षा 9 से 12 तक के स्कूली बच्चों और अटल आवासीय विद्यालयों के बच्चों को बचपन से ही हुनरमंद बनाया जा रहा है। साथ ही बेहद निर्धन परिवारों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए विशेष रोजगार अभियान चलाया जा रहा है।
-
डिजिटल टूल्स: युवाओं की मदद के लिए 'कौशल दिशा ऑनलाइन पोर्टल', 'कौशल दर्पण', 'कौशल दृष्टि' और 24 घंटे काम करने वाला 'कौशल दोस्त चैटबॉट' लॉन्च किया जा चुका है।
यह भव्य समारोह इस बात का गवाह है कि उत्तर प्रदेश का युवा अब सिर्फ नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि अपने हुनर के दम पर 'नौकरी देने वाला' (Job Creator) बन रहा है, जो राज्य की आर्थिकी को एक ट्रिलियन डॉलर बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाएगा।
