UPTET 2026: पहले दिन 955 केंद्रों पर 6.84 लाख अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, AI कैमरों ने पकड़े 15 'मुन्नाभाई'

UPTET 2026: 6.84 lakh candidates took the exam at 955 centers on the first day; AI cameras caught 15 'Munnabhais' (impostors).
 
UPTET 2026: पहले दिन 955 केंद्रों पर 6.84 लाख अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, AI कैमरों ने पकड़े 15 'मुन्नाभाई'

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित की जा रही शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) की लिखित परीक्षा का आगाज़ गुरुवार को बेहद कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच हुआ। तीन दिवसीय इस परीक्षा के पहले दिन प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और पूरी तरह नकलविहीन माहौल में संपन्न हुई।

पहले दिन की परीक्षा दो पालियों (सुबह 09:30 से 12:00 बजे और दोपहर 02:30 से 05:00 बजे) में आयोजित की गई।

AI इंटीग्रेटेड कमांड रूम से तगड़ी पहरेदारी, 15 संदिग्ध धरे गए

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए इस बार तकनीक का सहारा लिया गया। आयोग मुख्यालय में स्थापित अत्याधुनिक एआई (Artificial Intelligence) इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी केंद्रों की लाइव और सघन निगरानी की गई। परीक्षा के दौरान स्वयं अध्यक्ष, आयोग के सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और उपसचिव पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।

एआई कैमरों की मदद से परीक्षार्थियों के चेहरों और गतिविधियों की निरंतर जांच की गई। इस डिजिटल पहरेदारी के चलते पहली पाली में 07 और दूसरी पाली में 08 ऐसे फर्जी परीक्षार्थी (सॉल्वर) पकड़े गए, जो दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे थे। इन सभी 15 फर्जी परीक्षार्थियों को तुरंत स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इन मामलों को छोड़ दें तो पूरे प्रदेश में परीक्षा पूरी तरह निर्विघ्न और सुचारू रही।

आंकड़ों में पहले दिन की परीक्षा (UPTET Day 1 Attendance)

पहले दिन की दोनों पालियों के लिए कुल 8,07,636 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6,84,614 (84.76%) अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

  • पुरुष अभ्यर्थी: 84.86% उपस्थिति

  • महिला अभ्यर्थी: 84.69% उपस्थिति

इस महापरीक्षा को सफल और शांतिपूर्ण बनाने में स्थानीय जिला प्रशासन और पुलिस बल का सक्रिय एवं सराहनीय सहयोग मिला।

03 और 04 जुलाई को भी जारी रहेंगे सुरक्षा के यही कड़े मानक

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने आगामी दिनों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि तीन दिवसीय यूपीटीईटी-2026 के तहत कल यानी 03 जुलाई को भी दो पालियों में और 04 जुलाई को आखिरी दिन एक पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि शेष दो दिनों की परीक्षाओं में भी एआई निगरानी, सुरक्षा और शुचिता के यही उच्च मानक लागू रहेंगे।अभ्यर्थियों और अभिभावकों से विशेष अनुरोध है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें। परीक्षा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी प्रामाणिक जानकारी के लिए केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट को ही आधार मानें।

Tags