‘उत्कर्ष-2026’ में तकनीक, पत्रकारिता और साहित्य का संगम, एआई कार्यशाला व कवि सम्मेलन आयोजित
हरदोई। आई. एन. ए. मीडिया (न्यूज) एवं कमलेश्वर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में वैभव लॉन, हरदोई में आयोजित ‘उत्कर्ष-2026’ कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक, निष्पक्ष पत्रकारिता और साहित्यिक सरोकारों पर केंद्रित विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती पीके वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं अलका गुप्ता, अनुराधा मिश्रा और निरमा देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में गूगल न्यूज इनिशिएटिव और वाइब्रेंट न्यूज के सहयोग से ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जागरूकता संगोष्ठी एवं प्रमाणीकरण कार्यशाला’ आयोजित की गई। मुख्य वक्ता डॉ. निमिष कपूर, सलाहकार संपादक (विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण) ने पत्रकारों एवं विद्यार्थियों को डिजिटल युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग, विभिन्न एआई टूल्स की कार्यप्रणाली और सूचनाओं के तथ्य सत्यापन की प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान डॉ. शैलजा दुबे ने भी तकनीकी जागरूकता और एआई के महत्व पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान कमलेश्वर फाउंडेशन की जिला कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।इसके बाद पत्रकारिता जगत के वरिष्ठ हस्ताक्षर स्वर्गीय अखिलेश सिंह की पुण्य स्मृति में ‘पत्रकार सम्मान समारोह’ आयोजित हुआ। इसमें समाज के प्रति निष्पक्षता और समर्पण के साथ पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।आयोजक विजयलक्ष्मी सिंह जादौन और अमिता मिश्रा ‘मीतू’ ने कहा कि स्वर्गीय अखिलेश सिंह के विचार और उनकी पत्रकारिता की विरासत नई पीढ़ी के पत्रकारों का मार्गदर्शन करती रहेगी।
कार्यक्रम के समापन सत्र में विशाल कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें मैनपुरी के कवि सतीश मधुप, विपिन मलीहाबादी, मंजुल मयंक मिश्र और राम शब्द बेनूर ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। कवियों ने राष्ट्रीय चेतना, हास्य-व्यंग्य और सामाजिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रोताओं की सराहना प्राप्त की।

इस अवसर पर वंदना सिंह, डॉ. सोहनी दीक्षित, नीलू गुप्ता, राधा मिश्रा, सुमन सिंह, भूमिका सिंह, प्रीति वर्मा, डॉ. शीला पाण्डेय और डॉ. ब्रह्मस्वरूप पाण्डेय सहित नगर के गणमान्य नागरिक, साहित्य प्रेमी और मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
