15-16 नवंबर को लक्ष्मण मेला मैदान में होगा 43वां छठ महापर्व, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे उद्घाटन

100 से अधिक कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पद्मश्री मालिनी अवस्थी होंगी मुख्य आकर्षण
 
san ns
लखनऊ डेस्क, आर.एल. पाण्डेय। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय के नेतृत्व में लखनऊ के गोमती तट स्थित लक्ष्मण मेला मैदान के छठ घाट पर 15 एवं 16 नवंबर 2026 को 43वें छठ महापर्व का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर घाट की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। आयोजन स्थल की तैयारियां लगभग अंतिम चरण में हैं।


राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने छठ घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। घाट की सुंदरता बढ़ाने के लिए आकर्षक पेंटिंग, रंगाई-पुताई और सौंदर्यीकरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। शेष छोटे-मोटे कार्य भी शीघ्र पूरे कर लिए जाएंगे। इसके साथ ही टेंट, लाइटिंग और अन्य साज-सज्जा की भव्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। गोमती नदी के पानी की सफाई भी कराई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

 xb x

 


प्रभुनाथ राय ने उत्तर प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क कर लखनऊ में छठ पूजा के लिए निर्धारित लगभग 110 स्थलों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और संबंधित विभागों के अधिकारियों से सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की है।


उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया है। छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं का दिन-रात आवागमन जारी रहता है। ऐसे में गोमती नदी के किनारे पूजा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्टीमर, जल पुलिस, नागरिक पुलिस और यातायात पुलिस की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है। इसके अलावा नदी की सफाई, घाटों पर फॉगिंग, पर्याप्त लाइटिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग भी की गई है।


आयोजन का उद्घाटन 15 नवंबर 2026 को शाम चार बजे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रथम अर्घ्य अर्पित कर किया जाएगा।

इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी तथा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

snns s
इस दो दिवसीय आयोजन में 100 से अधिक लोकप्रिय कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। प्रख्यात लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी मुख्य कलाकार के रूप में शामिल होंगी। इसके साथ ही समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया जाएगा। 15 नवंबर को दोपहर दो बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। छठ महापर्व का समापन 16 नवंबर को प्रातः आठ बजे उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ होगा। चार दिवसीय इस महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्याकालीन अर्घ्य और 16 नवंबर को प्रातःकालीन अर्घ्य दिया जाएगा।


छठ महापर्व सूर्य उपासना और लोक आस्था का प्रमुख पर्व है। इसमें व्रती परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य, ऊर्जा और दीर्घायु की कामना के साथ कठिन व्रत रखते हैं। पूजा में मौसमी फल जैसे अनार, अंगूर, केला, संतरा, सेब और गन्ना सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों का विशेष महत्व होता है। साठी के चावल से तैयार कसार भी प्रसाद के रूप में चढ़ाया जाता है। सभी फल और पूजन सामग्री बांस के डाले में सजाकर सूर्यदेव को अर्पित की जाती है।

इसी परंपरा के कारण इसे डाला छठ भी कहा जाता है। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से आयोजित होने वाला यह 43वां छठ महापर्व लखनऊ में भोजपुरी संस्कृति, लोक परंपरा, सामाजिक एकता और लोक आस्था का भव्य संगम बनेगा।

Tags