कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक संयुक्त संस्था ने किया वीरों का सम्मान
लखनऊ, 25 जुलाई। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक संयुक्त संस्था, लखनऊ द्वारा कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों, शहीदों, वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों के सम्मान में एक भव्य सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
संस्था के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष वेटरन अजमेर बहादुर सिंह ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक रहे। विशिष्ट अतिथियों में विधान परिषद सदस्य श्री पवन सिंह चौहान, विधान परिषद सदस्य श्री अवनीश कुमार सिंह, एसकेडी ग्रुप, लखनऊ के चेयरमैन एस.के.डी. सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी लखनऊ विंग कमांडर मुकेश तिवारी, संस्था के क्षेत्रीय अध्यक्ष वेटरन भगत सिंह रावत, वेटरन अमरनाथ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह में एसकेडी अकादमी के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों तथा संस्था के प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक वेटरन अजमेर बहादुर सिंह का तिरंगा पट्टी, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
अपने स्वागत उद्बोधन में वेटरन अजमेर बहादुर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक संयुक्त संस्था शहीद परिवारों, वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में संस्था प्रदेश के 27 जनपदों में सक्रिय है तथा वर्ष के अंत तक इसे 45 जनपदों तक विस्तारित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य अतिथि माननीय उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक ने कारगिल के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र सदैव अपने वीर सैनिकों का ऋणी रहेगा। उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों के सम्मान तथा उनके कल्याण के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने संबोधन में कारगिल के वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की तथा पूर्व सैनिकों के योगदान को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम के अंत में संस्था के प्रदेश अध्यक्ष वेटरन अजमेर बहादुर सिंह ने सभी अतिथियों, पूर्व सैनिकों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ।
