उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा निवेश का केंद्र बनने की ओर अग्रसर , यूपीएक्स 2026 का आयोजन 7–9 मई को लखनऊ में
UPX 2026 to be held on 7–9 May in Lucknow
प्रयागराज, 20 मार्च। उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो (UPEX) 2026 के लिए प्री-इवेंट जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन प्रयागराज के विकास भवन में किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन PHD Chamber of Commerce and Industry के यूपी स्टेट चैप्टर एवं फर्स्टव्यू द्वारा, UPNEDA तथा SEVA के सहयोग से किया गया, जिसमें KEI Industries Limited ने समर्थन प्रदान किया।
कार्यक्रम का मुख्य फोकस PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana पर रहा। इस दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सौर ऊर्जा क्षेत्र में उभरते अवसरों, नीतिगत ढांचे और निवेश संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हर्षिका सिंह (मुख्य विकास अधिकारी, प्रयागराज) ने कहा कि राज्य के सतत विकास के लिए नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना एवं PM-KUSUM Yojana जैसे प्रयास घरों, किसानों और उद्योगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो (UPEX) 2026 का आयोजन 7 से 9 मई 2026 तक Indira Gandhi Pratishthan, लखनऊ में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय एक्सपो में 150 से अधिक प्रदर्शक और 60 से अधिक वक्ता भाग लेंगे, जहां तकनीक, नीति और निवेश से जुड़े 10 थीमैटिक सत्र आयोजित होंगे।गोपाल कुशवाहा (जिला विकास अधिकारी) ने जमीनी स्तर पर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यह ग्रामीण विकास और ऊर्जा पहुंच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वहीं विनय कुमार टंडन ने बताया कि सौर ऊर्जा पारंपरिक ऊर्जा का प्रभावी विकल्प बनकर उभर रही है। एक्सपो में यूपी ईवी एक्सपो, यूपी स्मार्ट ग्रिड एक्सपो और यूपी स्टोरेज एक्सपो जैसे विशेष खंड भी शामिल किए जाएंगे।कोमिल द्विवेदी ने सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन पहलों से उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा अपनाने में अग्रणी राज्य बन सकता है।
कार्यक्रम में प्रशांत श्रीवास्तव एवं वैभव खरे ने भी अपने विचार साझा किए।अंत में शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि यूपीएक्स 2026 का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि एक्सपो से पहले राज्यभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं—7 अप्रैल को वाराणसी, 17 अप्रैल को गोरखपुर और 24 अप्रैल को लखनऊ में ऐसे कार्यक्रम होंगे।
