सकूरा साइंस प्रोग्राम के लिए लखनऊ की वैष्णवी तिवारी जापान यात्रा हेतु चयनित
लखनऊ। INSPIRE Awards – MANAK योजना के अंतर्गत राजधानी की छात्रा वैष्णवी तिवारी का चयन जापान सरकार के SAKURA Science High School Program के लिए किया गया है। इस चयन के साथ वैष्णवी जापान भ्रमण के लिए चुनी जाने वाली लखनऊ मंडल की तीसरी प्रतिभागी बन गई हैं।
लखनऊ मंडल के विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ दिनेश कुमार ने बताया कि वैष्णवी ने अपनी शिक्षिका निशा पिल्लई के मार्गदर्शन में मात्र 500 रुपये की लागत से एक विशेष डिवाइस तैयार की थी। यह डिवाइस मूक-बधिर दिव्यांगों के हाथों के इशारों को ग्लव्स की मदद से प्रोग्रामिंग के माध्यम से हिंदी और अंग्रेज़ी में लिखित शब्दों में परिवर्तित कर देती है।
इस अभिनव प्रोजेक्ट को पहले जिला स्तर और फिर राज्य स्तर की प्रदर्शनी में चयनित किया गया, जिसके बाद वैष्णवी को 11वीं राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला।
वैष्णवी वर्तमान में Rani Laxmi Bai Memorial School के सी-ब्लॉक, इंदिरानगर परिसर में कक्षा 12 (पीसीएम) की छात्रा हैं। इससे पहले भी लखनऊ मंडल के दो विद्यार्थियों को यह अवसर मिल चुका है, जिनमें रायबरेली के New Standard Public School Salethu Maharajganj के छात्र नैतिक श्रीवास्तव तथा लखनऊ के GD Goenka Public School Sushant Golf City के छात्र प्रांजल श्रीवास्तव शामिल हैं।
डॉ दिनेश कुमार के अनुसार वैष्णवी की प्रस्तावित जापान यात्रा 28 जून से 4 जुलाई 2026 के बीच निर्धारित की गई है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत भारत के चुनिंदा छात्रों को जापान के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विकसित अत्याधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से परिचित होने का अवसर मिलता है।
वैष्णवी के चयन पर लखनऊ मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ प्रदीप कुमार तथा जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने छात्रा, उनकी मार्गदर्शक शिक्षिका और विद्यालय प्रबंधन को शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि न केवल वैष्णवी तिवारी के लिए बल्कि लखनऊ मंडल के लिए भी गौरव का विषय मानी जा रही है
