राज कुमार इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ ‘वन्दे मातरम् स्मरणोत्सव’, देशभक्ति की प्रस्तुतियों से गूंजा परिसर
महानगर भाजपा अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया सम्मानित, छात्रों ने गीत और काव्य पाठ के माध्यम से व्यक्त किया राष्ट्रप्रेम
लखनऊ डेस्क आर एल पाण्डेय। राज कुमार इंटर कॉलेज, आलमनगर, लखनऊ के प्रांगण में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की ओर से ‘वन्दे मातरम् स्मरणोत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महानगर भाजपा अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान आरके शिक्षा के उपाध्यक्ष राघव रतन बख्शी ने आनंद द्विवेदी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही स्मृति चिह्न के रूप में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृति भेंट की।
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से ‘वन्दे मातरम्’ गीत प्रस्तुत किया। इसके साथ ही देशभक्ति से जुड़े काव्य पाठ ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया। आनंद द्विवेदी ने विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में रंगमंच से जुड़े कई कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय परिसर अभिभावकों और विद्यार्थियों से भरा रहा। अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के लिए जलपान की समुचित व्यवस्था भी की गई थी।

इस आयोजन को गायत्री लोक कल्याण संस्थान, राजाजीपुरम के सौजन्य से संपन्न कराया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या लखबीर चावला ने सांस्कृतिक उत्थान के लिए संस्थान की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और अपनी विरासत के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
