वाराणसी: संत गुरु रविदास स्मारक पार्क व घाट से अवैध कब्जा हटाने की मांग
वाराणसी। संत रविदास सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष निरंजन देव भारती ने उच्च अधिकारियों से वाराणसी के नगवा स्थित संत गुरु रविदास स्मारक पार्क एवं घाट से अवैध अतिक्रमण हटाने तथा स्मारक परिसर की धार्मिक गरिमा बनाए रखने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि स्मारक पार्क में कुछ अज्ञात एवं असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से झोपड़ियां बनाकर कब्जा किया गया है। आरोप है कि ये लोग प्रतिदिन होने वाली गुरु रविदास जी की आरती, पूजा-पाठ और भजन में व्यवधान उत्पन्न करते हैं तथा आरती बंद कराने की धमकी देने के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग भी करते हैं। इसके अलावा स्मारक परिसर में नाच-गाने जैसी गतिविधियां भी कराई जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।

निरंजन देव भारती ने बताया कि संत रविदास सोसाइटी द्वारा कई वर्षों से स्मारक पार्क में प्रतिदिन नियमित रूप से आरती, पूजा-पाठ और भजन का आयोजन किया जाता है। इस पवित्र स्थल पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थान संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की आस्था का प्रमुख केंद्र है और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी स्थान से जुड़ी माता गंगा द्वारा स्वर्ण कंगन भेंट किए जाने की कथा का उल्लेख भी संत रविदास जी की धर्म ग्रंथावली में मिलता है।
सोसाइटी ने प्रशासन से मांग की है कि स्मारक पार्क एवं घाट से अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए, धार्मिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा परिसर में नाच-गाने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाकर स्मारक स्थल की पवित्रता और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
