भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री बनने पर वेद प्रकाश खरवार का भव्य स्वागत
गड़वार डाकबंगले पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और अंगवस्त्र से किया सम्मानित
गड़वार (बलिया)। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के गोरखपुर क्षेत्र का क्षेत्रीय महामंत्री बनाए जाने पर रतसर कला निवासी वेद प्रकाश खरवार का गड़वार डाकबंगले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
वेद प्रकाश खरवार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक राष्ट्र, एक चुनाव के जिला सह-संयोजक के रूप में भी संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाई है। पार्टी में उनकी नई नियुक्ति के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
स्वागत समारोह में भाजपा गड़वार मंडल अध्यक्ष उमेश सिंह ने कहा कि वेद प्रकाश खरवार को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का क्षेत्रीय महामंत्री बनाए जाने से जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। इससे संगठन के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
अपने स्वागत से अभिभूत नवनियुक्त क्षेत्रीय महामंत्री वेद प्रकाश खरवार ने कहा कि उन्होंने संगठन में अपनी यात्रा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सक्रिय कार्यकर्ता और एक राष्ट्र, एक चुनाव के जिला सह-संयोजक के रूप में शुरू की थी। आज भाजपा ने उन्हें अनुसूचित जनजाति मोर्चा के गोरखपुर क्षेत्र का क्षेत्रीय महामंत्री बनाकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है। वह इस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने और संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप जिम्मेदारी निभाने का हरसंभव प्रयास करेंगे। इस अवसर पर उपेंद्र पाण्डेय, टुनटुन उपाध्याय, विजय वर्मा, मनोज सिंह, अशोक सिंह, विजय गुप्ता, मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
