वीर अब्दुल हमीद का बलिदान युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत : सुरेश खन्ना
शाहजहांपुर, 20 सितंबर 2026। 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद का 61वां शहीद दिवस कैंट स्थित वीर अब्दुल हमीद पार्क में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। सामाजिक संस्था अंजुमन इदरीसिया की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वीर अब्दुल हमीद के शौर्य, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद के योगदान को देश कभी भुला नहीं सकता। उन्होंने 1965 के युद्ध में जिस अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया, वह देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।
विशिष्ट अतिथि एवं शहीद-ए-आजम अशफाक उल्ला खां के पौत्र अशफाक उल्ला खां ने वीर अब्दुल हमीद के साहस और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि ऐसे देशभक्त और वीर योद्धा सदियों में जन्म लेते हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हाजी याकूब हुसैन इदरीसी ने इदरीसी समाज की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से इदरीसी बिरादरी को अत्यधिक पिछड़ा वर्ग में शामिल करने तथा सिलाई के पारंपरिक पेशे को दस्तकारी का दर्जा दिए जाने की मांग की।इस अवसर पर अंजुमन इदरीसिया की शाहजहांपुर इकाई की ओर से समाज के विकास से संबंधित एक ज्ञापन मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार के नाम मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को सौंपा गया।
मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को ‘महबूब हुसैन इदरीसी मेमोरियल अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि विद्यार्थियों को सम्मानित करने का उद्देश्य शिक्षा के प्रति उनमें उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम का संचालन वसीम इदरीसी ने किया। उन्होंने वीर अब्दुल हमीद के जीवन, सैन्य सेवा तथा 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उनके अद्वितीय पराक्रम और बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।इस मौके पर इंजीनियर अहमद मुबीन एवं समाज के अन्य लोगों ने कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को संस्था का प्रतीक चिह्न, वीर अब्दुल हमीद के जीवन पर आधारित विवरणिका और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में छावनी परिषद के उपाध्यक्ष अवधेश दीक्षित, इं. अहमद मुबीन, डॉ. सुरेश मिश्रा, आफाक उल्लाह खान, ताहिर अली, शमसुद्दीन इदरीसी, फैजान हुसैन इदरीसी, एडवोकेट अनूप कुमार, शब्बन अली पार्षद, तालिब हसन पार्षद, हारून इदरीसी, वसीम अहमद, जगदीश प्रसाद, डॉ. राम सागर यादव, हाजी रफीक इदरीसी, असगर यासिर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

