सतर्कता और जागरूकता से ही बनेगा विकसित भारत, बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के लिए रहें सजग : प्रवीण सिंह चौहान
केनरा बैंक में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत विशेष आयोजन, एएसपी और सीओ ने दिया ईमानदारी एवं सुरक्षित बैंकिंग का संदेश
बागपत, 31 अक्टूबर। भ्रष्टाचार मुक्त और विकसित भारत के निर्माण में सतर्कता, ईमानदारी और नागरिकों की जागरूकता की अहम भूमिका है। सतर्कता को केवल सरकारी व्यवस्थाओं में अनियमितताओं की रोकथाम तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति के व्यवहार और सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना जरूरी है। खासकर डिजिटल बैंकिंग के दौर में साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के लिए नागरिकों का जागरूक रहना बेहद आवश्यक है। यह संदेश शनिवार को केनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय बागपत में आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह के विशेष कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान और क्षेत्राधिकारी सुकन्या शर्मा ने दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने केनरा बैंक के संस्थापक अम्मेम्बल सुब्बा राव पाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की। इस मौके पर बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख मिन्हाजुल कमर समेत विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सत्यनिष्ठा, पारदर्शी कार्यप्रणाली, भ्रष्टाचार की रोकथाम और नागरिकों की सामाजिक जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई
अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि सतर्कता का मकसद केवल गलतियों और अनियमितताओं को उजागर करना नहीं, बल्कि ऐसी परिस्थितियों को बनने से रोकना भी है, जिनसे भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी को बढ़ावा मिलता है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। किसी भी तरह की वित्तीय धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार या अनैतिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करना चाहिए।
उन्होंने डिजिटल लेनदेन के बढ़ते चलन का उल्लेख करते हुए कहा कि अनजान नंबरों से आने वाली कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी बैंकिंग संदेश और ओटीपी मांगने वाले लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर और बैंकिंग अपराधों से बचाव का प्रभावी माध्यम है।
क्षेत्राधिकारी सुकन्या शर्मा ने कहा कि सतर्कता किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत बनाने के लिए हर व्यक्ति को अपने आचरण में ईमानदारी अपनानी होगी। अधिकारों के साथ उनसे जुड़े कर्तव्यों को समझना और नियमों का पालन करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि अनुचित दबाव और प्रलोभन से दूर रहकर ही स्वस्थ एवं जिम्मेदार सामाजिक व्यवस्था विकसित की जा सकती है।
केनरा बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख मिन्हाजुल कमर ने सतर्कता जागरूकता अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसकी केंद्रीय थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है, जो विकसित भारत के संकल्प से जुड़ी है।

उन्होंने बताया कि केनरा बैंक नोडल बैंक के रूप में 17 अगस्त से 16 नवंबर तक तीन महीने का व्यापक सतर्कता जागरूकता अभियान चला रहा है। इसके तहत बैंकिंग व्यवस्था में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के लिए देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बैंक का प्रयास है कि जागरूकता का संदेश ग्रामीण क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों, प्रशिक्षण केंद्रों और आम नागरिकों तक पहुंचे। अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
वॉकथॉन निकालकर लोगों को किया जागरूक
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत शनिवार सुबह केनरा बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों ने वॉकथॉन आयोजित की। वंदना चौक से शुरू होकर वॉकथॉन बागपत शुगर मिल तक पहुंची। इसमें बैंककर्मियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और आम लोगों को ईमानदारी, पारदर्शिता तथा सतर्कता का संदेश दिया। इस पहल का उद्देश्य बैंकिंग संस्थानों से बाहर निकलकर आमजन को भी अभियान से जोड़ना रहा।
गांवों में भी चलाया गया जागरूकता अभियान
अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत सुभानपुर, अमीनगर सराय, पलड़ी और फतेहपुर पुट्ठी में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग सेवाओं के इस्तेमाल, डिजिटल लेनदेन में सावधानी बरतने और संदिग्ध गतिविधियों से बचने के उपाय बताए गए।
इसी क्रम में बागपत स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 55 नए प्रशिक्षुओं को सतर्कता के महत्व से अवगत कराया गया। उन्हें सत्यनिष्ठा, जिम्मेदारी, पारदर्शिता और वित्तीय जागरूकता के संबंध में जानकारी दी गई।
क्रिस्तु ज्योति कॉन्वेंट स्कूल में सतर्कता विषय पर निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। इसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से ईमानदारी और भ्रष्टाचार मुक्त समाज की आवश्यकता को रेखांकित किया। केनरा बैंक के मंडल प्रबंधक अरशद हुसैन और शीतांशु तिवारी ने बताया कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान जनपद की सभी बैंक शाखाओं में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ग्राहकों को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल लेनदेन में सावधानी, गोपनीय बैंकिंग विवरण की सुरक्षा और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के तरीकों की जानकारी दी जा रही है। बैंक का उद्देश्य ग्राहकों को जागरूक बनाने के साथ बैंकिंग व्यवस्था में विश्वास और पारदर्शिता को मजबूत करना है।
