सतर्कता ही बचाव: बलरामपुर में शिशुओं को निमोनिया से सुरक्षित रखने पर CMO डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी का विशेष जोर
Vigilance is the only protection: CMO Dr. Mukesh Kumar Rastogi emphasizes on protecting infants from pneumonia in Balrampur
Sun, 30 Nov 2025
बलरामपुर। जिले में ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने शिशुओं में निमोनिया के बढ़ते जोखिम पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने माता–पिता सहित समुदाय के सभी लोगों से अपील की कि वे छोटी-सी सतर्कता अपनाकर बच्चों को गंभीर बीमारी से बचा सकते हैं।
डॉ. रस्तोगी ने कहा कि जन्म से छह माह तक शिशु को सिर्फ माँ का दूध देना अत्यंत लाभकारी है, क्योंकि यह उसे प्राकृतिक प्रतिरोधक क्षमता प्रदान करता है। ठंड के मौसम में बच्चों को गर्म कपड़े, स्वच्छ वातावरण और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना भी समान रूप से महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि निमोनिया से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण, घरों में धुआं या प्रदूषण से बचाव, तथा रहने के स्थान की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर परिवारों को जागरूक कर रही हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चेताया कि यदि किसी बच्चे में तेज सांस चलना, सीने में घरघराहट, बुखार, अत्यधिक सुस्ती या दूध पीने में कमी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए। उपचार में देरी बच्चे की स्थिति को गंभीर बना सकती है।
उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि किसी भी संदेह की स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच और उपचार अवश्य कराएं। अंत में डॉ. रस्तोगी ने कहा शिशुओं की सुरक्षा ही समाज की सुरक्षा है। हर परिवार की जिम्मेदारी है कि वे निमोनिया से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियाँ अवश्य अपनाएँ।”
