विज्ञान चेतना हेल्पलाइन 2026: हाईस्कूल परीक्षार्थियों को भयमुक्त कर बेहतर अंक दिलाने की पहल
लखनऊ, फरवरी 2026। हाईस्कूल के वे परीक्षार्थी जो पहली बार बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं, उनके भीतर स्वाभाविक रूप से परीक्षा का भय रहता है। इसी भय को दूर कर मुख्य विषयों में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन देना ही ‘विज्ञान चेतना हेल्पलाइन’ का प्रमुख उद्देश्य है। यह बात मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी, लखनऊ मंडल डॉ. दिनेश कुमार ने कही।
परीक्षा के समय विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव बढ़ जाता है—समय पर सिलेबस पूरा करना, रिविजन और बेहतर प्रदर्शन बड़ी चुनौती बन जाते हैं। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए, संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार के नेतृत्व तथा डॉ. दिनेश कुमार के निर्देशन में यू.पी. बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा 2026 के विद्यार्थियों के लिए ‘विज्ञान चेतना हेल्पलाइन’ का आयोजन किया गया।
यह हेल्पलाइन 17 फरवरी 2026 को दोपहर 3:30 बजे से सायं 5:30 बजे तक संचालित रही, जिसमें विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषयों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया। इस दौरान पूरे प्रदेश से लगभग 135 परीक्षार्थियों ने संपर्क करने का प्रयास किया, जिनमें से 72 विद्यार्थियों को सीधे विषय विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिला। सबसे अधिक कॉल लखनऊ और लखीमपुर खीरी से प्राप्त हुईं, जबकि सीतापुर, हरदोई, रायबरेली, उन्नाव, सुल्तानपुर, बलरामपुर और शाहजहांपुर सहित अन्य जनपदों के छात्र-छात्राओं ने भी लाभ उठाया।
डॉ. प्रदीप कुमार ने अपने संदेश में विद्यार्थियों को तनाव से दूर रहने, सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने और आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह दी तथा सभी को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
विषय विशेषज्ञों के महत्वपूर्ण सुझाव
रसायन विज्ञान
-
रासायनिक अभिक्रियाओं व समीकरणों का लिख-लिखकर अभ्यास करें।
-
प्लास्टर ऑफ पेरिस, बेकिंग सोडा, विरंजक चूर्ण, साबुन व अपमार्जक जैसे यौगिकों के सूत्र, गुणधर्म और उपयोग तैयार रखें।
(अतेंद्र कुमार सिंह, आरबीएसबी सिंह इंटर कॉलेज, कमलापुर–सीतापुर)
भौतिक विज्ञान
-
नया पढ़ने से बचें, पिछले वर्षों के अनसॉल्व्ड प्रश्नपत्र हल करें।
-
न्यूमेरिकल हल करते समय सही सूत्र और यूनिट का विशेष ध्यान रखें।
(रोहित कुमार, कुम्हरावां इंटर कॉलेज, लखनऊ)
जीव विज्ञान
-
उत्तर निश्चित शब्द सीमा में लिखें।
-
आरेखों का सही अनुपात में निर्माण करें और लेबलिंग अवश्य करें।
(दीप्ति विश्वकर्मा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सरोसा भरोसा, लखनऊ)
अंग्रेजी
-
प्रश्नपत्र ध्यान से पढ़ें, समय प्रबंधन रखें।
-
ग्रामर के नियम समझकर अभ्यास करें और लेखन कौशल पर ध्यान दें।
(राजश्री खन्ना, आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, बादशाहनगर, लखनऊ)
गणित
-
एनसीईआरटी पर फोकस करें और नियमित अभ्यास करें।
-
सरल टॉपिक्स जैसे माध्य, माध्यिका, बहुलक, क्षेत्रमिति व समांतर श्रेणी पर विशेष ध्यान दें।
(आयुष्मान, राजकीय हाईस्कूल रसूलपुर सादात, लखनऊ)
विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान
हेल्पलाइन के दौरान अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, गणित, जीव विज्ञान और रसायन विज्ञान से जुड़े कई प्रश्न पूछे गए, जिनका सरल और व्यावहारिक उत्तर विषय विशेषज्ञों द्वारा दिया गया। इससे छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ा और परीक्षा को लेकर व्याप्त डर कम हुआ।
कार्यक्रम के समस्त कार्यों का अभिलेखीकरण पवन कुमार तिवारी (कुम्हरावां इंटर कॉलेज, लखनऊ) द्वारा किया गया।
अंत में डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि विज्ञान चेतना हेल्पलाइन जैसी पहल विद्यार्थियों को न केवल परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी सशक्त बनाती है, जिससे वे बिना भय के अपने लक्ष्य की ओर बढ़ सकें।
