गांव में गंदगी का अंबार, बदबू से परेशान ग्रामीण; शिकायत के बाद भी अफसर बेखबर

Heaps of filth in the village; residents troubled by the stench; officials remain indifferent despite complaints.
 
Heaps of filth in the village; residents troubled by the stench; officials remain indifferent despite complaints.
गड़वार (बलिया)। स्थानीय कस्बे में सफाई व्यवस्था की बदहाली से ग्रामीण परेशान हैं। सफाई कर्मचारियों की कथित लापरवाही और अधिकारियों की अनदेखी के चलते गांव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जबकि नालियां कीचड़ और गंदगी से बजबजा रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है।

लगभग आधा दर्जन से अधिक मजरों वाली इस ग्राम पंचायत की आबादी 10 हजार से अधिक बताई जाती है। पंचायत क्षेत्र में इंटर कॉलेज, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, थाना, आंगनबाड़ी केंद्र समेत कई सरकारी संस्थान संचालित हैं। इन स्थानों और गांव की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी करीब आधा दर्जन सफाई कर्मचारियों पर है। इसके बावजूद कई स्थानों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, मुख्य बाजार से ब्लॉक कार्यालय जाने वाले मार्ग पर सुबह करीब चार बजे से रात 11 बजे तक लोगों की आवाजाही रहती है। इसी महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थानीय लोगों द्वारा कूड़ा-कचरा डाले जाने से जगह-जगह गंदगी जमा हो गई है। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण यहां से दुर्गंध उठ रही है और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि गंदगी के कारण आसपास के लोगों को संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है। उनका आरोप है कि समस्या की शिकायत संबंधित अधिकारियों से किए जाने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए गांव में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने, कूड़े के ढेर हटवाने और नालियों की सफाई कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने से रोकने के लिए भी प्रभावी व्यवस्था किए जाने की अपील की है।

Tags