ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की समीक्षा बैठक में गूंजे पत्रकार एकता के स्वर
प्रमुख संवाददाता—संजय सिंह
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) का संगठनात्मक विस्तार लगातार जारी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में एसोसिएशन देश के 12 प्रदेशों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुका है, जबकि चार अन्य प्रदेशों में संगठन को मजबूत करने के लिए संपर्क एवं सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह के नेतृत्व में 62 जिलों में संगठन की इकाइयां कार्य कर रही हैं, जबकि 10 जिलों में पुनर्गठन की प्रक्रिया जारी है।
यह जानकारी कछौना ब्लॉक सभागार में आयोजित ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की समीक्षा बैठक में मुख्य अतिथि एवं संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष तथा कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष अतुल कपूर ने दी। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य ग्रामीण और तहसील स्तर पर कार्य करने वाले पत्रकारों को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना है।
बैठक के दौरान संडीला तहसील और भरावन ब्लॉक की कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस अवसर पर दोनों क्षेत्रों के दो दर्जन से अधिक पत्रकारों ने ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण की।
वरिष्ठ पत्रकार योगेश त्रिपाठी को संडीला तहसील का संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया। वहीं सतेंद्र यादव ‘शेरा’ को भरावन ब्लॉक अध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक एसबी सेंगर को सदस्यता अभियान प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। योगेश त्रिपाठी के संगठन महामंत्री बनाए जाने पर पत्रकार साथियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अतुल कपूर ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन अब किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पत्रकारों की एकजुटता और सम्मान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर लगातार विस्तार कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और तहसील स्तर के पत्रकार लोकतंत्र की जमीनी आवाज हैं। ऐसे पत्रकारों को मजबूत संगठनात्मक मंच उपलब्ध कराना एसोसिएशन की प्राथमिकता है।
मंडल अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज के प्रति निस्वार्थ भाव से अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। पत्रकारों के सम्मान से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह बबलू ने कहा कि पत्रकारों के सम्मान और हितों की रक्षा के लिए संगठन सदैव तत्पर रहेगा।
वरिष्ठ पत्रकार आलोक सिंह ने पत्रकारों से निष्पक्ष, तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए खबरों में तथ्यों की शुद्धता और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
बैठक में संगठन को तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा ग्रामीण पत्रकारों को एकजुट करने पर भी चर्चा हुई। नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों और पत्रकार हितों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
