स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित – युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया सहभाग
Thu, 20 Nov 2025
लखनऊ डेस्क (प्रत्यूष पाण्डेय)। शिया पी.जी. कॉलेज, लखनऊ के एंथ्रोपोलॉजी विभाग एवं ह्यूमेन फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में 60 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई, जिनमें से 35 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
शिविर का उद्घाटन प्रोफेसर शबीहे रज़ा बाक़री, प्रिंसिपल, शिया पी.जी. कॉलेज लखनऊ द्वारा किया गया। उन्होंने सभी रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा,
“रक्तदान मानव जीवन की सबसे बड़ी सेवा है। विद्यार्थी जीवन में किया गया रक्तदान न सिर्फ किसी जरूरतमंद की जान बचाता है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी दर्शाता है। ऐसे आयोजन युवाओं में मानवीय मूल्यों का विकास करते हैं।”
ह्यूमेन फाउंडेशन की डायरेक्टर एवं शिविर की मुख्य आयोजक असमा खान ने कहा,
“इस शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना है। जब युवा रक्तदान के लिए आगे आते हैं, तब समाज में जीवनरक्षक रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित होती है
विभागाध्यक्ष, एंथ्रोपोलॉजी विभाग, प्रो. सैय्यद ऐमन रज़ा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा,
“स्वैच्छिक रक्तदान शिविर हर शैक्षणिक संस्थान में नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए। इससे छात्रों में सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना को प्रोत्साहन मिलता है।”
शिविर में कॉलेज के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रक्तदान प्रक्रिया को सफल बनाने में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अर्चना सोलंकी (ब्लड बैंक, के.जी.एम.यू. लखनऊ) एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा जितेंद्र सिंह, संस्थापक—लखनऊ पुलिस मित्र परिवार ने भी सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वॉलेंटियर अखिलेश यादव, मोहम्मद अली, युसरा, तौफीक, अलीना और इकरा की भूमिका सराहनीय रही।
यह सफल आयोजन न केवल मानवीय सेवा का उदाहरण बना, बल्कि युवाओं में समाजसेवा के प्रति सकारात्मक संदेश भी छोड़ गया।
