बलरामपुर में ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ की कार्यशाला सम्पन्न, कार्यकर्ताओं को दिए गए दिशा-निर्देश

सदर विधायक पल्टूराम के शिविर कार्यालय में हुई विधानसभा स्तरीय बैठक, युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों को जोड़ने पर जोर

 
gyu

बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से सदर विधायक के शिविर कार्यालय में ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ के तहत विधानसभा स्तरीय बैठक एवं कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा प्रभारी राजेश राय चंदानी मौजूद रहे। कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अभियान के उद्देश्यों, कार्ययोजना तथा संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक पल्टूराम ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत कर किया। उन्होंने मतदाता जोड़ो अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक बूथ तक पहुंचने और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि राजेश राय चंदानी ने कहा कि मतदाता जोड़ो अभियान संगठन का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ बूथ स्तर पर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें।

gy7

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र लोगों तक पहुंचने पर जोर दिया। साथ ही मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और त्रुटियों को दूर करने की निर्धारित प्रक्रिया के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक बूथ पर जिम्मेदारियां तय करने और नियमित समीक्षा करने की आवश्यकता भी बताई।

कार्यशाला में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी, वरुण सिंह मोनू, महामंत्री बिन्दू विश्वकर्मा, डॉ. प्रांजल त्रिपाठी, डीपी सिंह बैस, अरविंद तिवारी, राजाराम गौतम, साधना पाण्डेय, सुधा पाण्डेय, अभियान संयोजक संदीप उपाध्याय, झूमा सिंह और कृष्ण गोपाल गुप्ता सहित मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं अन्य जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अंत में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यशाला में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा, सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Tags