बलरामपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर दिया जोर

भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न बूथों का किया निरीक्षण, बीएलओ से फॉर्म-6, 7 और 8 की प्रक्रिया की ली जानकारी

 
बलरामपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर दिया जोर

बलरामपुर। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को गति देने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा क्षेत्र बलरामपुर के नगर मंडल अंतर्गत डीएवी इंटर कॉलेज एवं बालिका इंटर कॉलेज स्थित विभिन्न मतदान बूथों का दौरा किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ अभियान की प्रगति की समीक्षा की और मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, अपात्र नामों को हटाने तथा दर्ज विवरणों में संशोधन की प्रक्रिया का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी ली गई। पात्र नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, अपात्र नामों को हटाने और नाम-पते सहित अन्य विवरणों में त्रुटियों को सुधारने के लिए आवश्यकतानुसार प्रपत्र भी भरवाए गए।

इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह 'पिंकू' ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाए रखना लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद आवश्यक है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने, अपात्र नामों को हटवाने और मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की त्रुटियां ठीक कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता और सशक्त लोकतंत्र एक-दूसरे के पूरक हैं।

अभियान के अंतर्गत बूथ संख्या 102 एवं 103 पर बीएलओ अनीता श्रीवास्तव, बूथ संख्या 135 पर रंजू देवी, बूथ संख्या 136 पर पूनम सिंह, बूथ संख्या 105 पर चित्रा शुक्ला, बूथ संख्या 104 पर प्रतिमा कैराती, बूथ संख्या 134 एवं 112-113 पर अर्चना त्रिपाठी तथा बूथ संख्या 130 पर दीपिका सिंह के कार्यों का जायजा लिया गया।

इस दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र नामों को हटाने और संशोधन संबंधी कार्यों को आगे बढ़ाया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला आईटी सह संयोजक आलोक रंजन पांडेय, जिला सह मीडिया प्रभारी अवधेश पाण्डेय, महिला मोर्चा नगर उपाध्यक्ष सरिता शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags