हीरक जयंती पर ‘वॉक फॉर हर’, 1090 चौराहे से बेटियों के सशक्तिकरण का सशक्त संदेश
इस वॉकाथन का आयोजन पूर्व छात्र संगठन के महामंत्री श्री विनोद सिंह के नेतृत्व में सैनिक स्कूल घोड़ा खाल के समस्त पूर्व छात्रों के सहयोग से किया गया। देश-विदेश से आए पूर्व छात्रों ने अनुशासन, उत्साह और गर्व के साथ सहभागिता कर आयोजन को गरिमामय एवं प्रभावशाली स्वरूप प्रदान किया।

“वॉक फॉर हर” अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज, अभिभावकों और बालिकाओं के बीच यह जागरूकता फैलाना रहा कि अब सैनिक स्कूलों में बालिकाओं का भी स्वागत है, जहाँ उन्हें शिक्षा, अनुशासन, नेतृत्व विकास तथा राष्ट्र सेवा के लिए समान अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह पहल भविष्य की सशक्त, आत्मनिर्भर और नेतृत्वकारी बेटियों के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
वॉकाथन के दौरान छात्र एवं छात्राएँ कंधे से कंधा मिलाकर चलते हुए दिखाई दिए, जो समानता, साहस, समावेशन और सशक्त राष्ट्र निर्माण का जीवंत प्रतीक बना।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) वी. एम. कालिया रहे। इस अवसर पर आयुक्त आयकर श्री विक्रांत पाल सिंह, माननीय न्यायाधीश श्री ज्ञानेंद्र राव, माननीय न्यायाधीश श्री ध्रुव राय, श्री राजेश गुप्ता, श्री संजीव कुमार सिंह तथा श्री अजय सिंह (उप आयुक्त, जीएसटी) सहित प्रशासनिक, न्यायिक एवं सामाजिक क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने सहभागिता कर अभियान को अपना समर्थन प्रदान किया।
कार्यक्रम में श्री विभव श्रीवास्तव ने आयोजन सचिव के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्वयं भी वॉकाथन में भाग लिया। वरिष्ठ पूर्व छात्र कर्नल अखिला नंद पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष सम्मान प्रदान किया।
इसके अतिरिक्त कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चिनहट एवं सरोजिनी नगर की छात्राओं ने पूरे जोश, आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ सहभागिता कर “वॉक फॉर हर” अभियान को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया।यह आयोजन न केवल सैनिक स्कूल घोड़ा खाल की गौरवशाली परंपरा का उत्सव बना, बल्कि बेटियों के सशक्तिकरण, समावेशी शिक्षा और समान अवसरों के प्रति समाज की सामूहिक प्रतिबद्धता का भी सशक्त संदेश बनकर उभरा।
