संविधान रक्षा मार्च को लेकर कांग्रेस पर वसीम राइन का निशाना, आजम खान के बयान पर भी उठाए सवाल
बाराबंकी। कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के इंकलाब संबंधी बयान को लेकर ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राइन ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस पर दलित मुसलमानों के अधिकारों की अनदेखी करने और समाजवादी पार्टी पर मुस्लिम समुदाय की समस्याओं को पर्याप्त महत्व नहीं देने का आरोप लगाया।
वसीम राइन ने कहा कि 10 अगस्त 1950 को संविधान के अनुच्छेद 341 के तहत जारी राष्ट्रपति आदेश में अनुसूचित जाति का दर्जा प्राप्त करने के लिए धार्मिक शर्त निर्धारित की गई थी। उनके अनुसार, इस प्रावधान के कारण दलित मुस्लिम समुदाय अनुसूचित जाति के आरक्षण के लाभ से वंचित है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस को अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए। उनका आरोप था कि दलित मुसलमानों को उनके अधिकारों से वंचित रखने के लिए जिम्मेदार रही कांग्रेस को संविधान रक्षा मार्च निकालने से पहले इस सवाल का जवाब देना चाहिए।
आजम खान के बयान पर भी उठाए सवाल
आजम खान के इंकलाब संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए वसीम राइन ने कहा कि आजम खान लंबे समय तक समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेताओं में रहे और सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली। इसके बावजूद 2012 से 2017 के बीच सपा सरकार के कार्यकाल में मुजफ्फरनगर दंगे हुए।
उन्होंने आरोप लगाया कि दंगा प्रभावित मुस्लिम परिवारों को पर्याप्त सहायता नहीं मिली और बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े। वसीम राइन ने कहा कि उस समय आजम खान भी प्रभावित लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं करा सके। उनके मुताबिक, मुस्लिम समाज का समाजवादी पार्टी से भरोसा कमजोर हुआ है और केवल इंकलाब की बातें करने से लोगों का विश्वास वापस नहीं आएगा।
2027 को लेकर भाजपा सरकार की वापसी का दावा
वसीम राइन ने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार फिर बनेगी। उन्होंने योगी सरकार की कानून-व्यवस्था और सरकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुस्लिम समुदाय के लोगों को भी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने प्रदेश को गुंडा और दंगा मुक्त बनाने के सरकार के दावे का समर्थन करते हुए कहा कि मुस्लिम समाज भी प्रदेश में सम्मान के साथ रहना चाहता है। इसके लिए समुदाय को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने के साथ राजनीतिक हिस्सेदारी भी मिलनी चाहिए।
वसीम राइन ने कहा कि मुस्लिम समाज के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए शिक्षा, सरकारी योजनाओं में भागीदारी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम किए जाने की जरूरत है।
