संत निरंजन दास जी को पद्मश्री सम्मान मिलने पर इटली में डॉ. खुशीराम सुमन के नेतृत्व में खुशी की लहर
डॉ. खुशीराम सुमन ने बताया कि भारत की राजधानी नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संत निरंजन दास जी को पद्मश्री सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
.

उन्होंने बताया कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु डेरा सचखंड बल्लां, जालंधर पहुंचकर संत निरंजन दास जी का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। मानव सेवा के क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान है। कठार में 250 बेड वाले संत सरवन दास चैरिटेबल अस्पताल के माध्यम से कम खर्च में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि फगवाड़ा में संत सरवन दास मॉडल स्कूल का सफल संचालन किया जा रहा है।
संत निरंजन दास जी अपने सत्संग एवं प्रवचनों के माध्यम से गुरु रविदास जी के प्रेम, समानता, समता, भाईचारे और मानवता के संदेश का निरंतर प्रचार करते हुए समाज सुधार एवं सभी वर्गों के कल्याण के
लिए प्रेरित करते रहते हैं।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने संत निरंजन दास जी को पद्मश्री सम्मान मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे संपूर्ण रविदासिया समाज के लिए गर्व का विषय बताया। इस अवसर पर इटली में निवास कर रहे रविदासिया समाज के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
