इंस्टाग्राम दोस्ती के चक्कर में रची साजिश, पत्नी ने पति को फंसवाकर भिजवाया जेल; बॉयफ्रेंड गिरफ्तार, महिला फरार
A conspiracy hatched over an Instagram friendship led to the wife's arrest and imprisonment of her husband; the boyfriend was arrested and the woman was absconding.
Fri, 23 Jan 2026
लखनऊ के अमीनाबाद इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शादीशुदा महिला ने कथित तौर पर अपने इंस्टाग्राम दोस्त के साथ मिलकर अपने ही पति को गंभीर मामले में फंसाने की साजिश रच डाली। साजिश का खुलासा होने के बाद पुलिस ने महिला के कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, अमीनाबाद निवासी आमना खातून का सोशल मीडिया के जरिए भोपाल निवासी अमान से संपर्क हुआ था। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। इस दौरान आमना का पति वासिफ उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसी वजह से दोनों ने मिलकर उसे कानूनी पचड़े में फंसाने की योजना बनाई।
गाड़ी में मांस रखवाकर फंसाने की साजिश
करीब दो महीने पहले वासिफ की थार गाड़ी में कथित तौर पर प्रतिबंधित मांस रखा गया। बजरंग दल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वासिफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाद में जांच में सामने आया कि आमना ने खुद गाड़ी की चाबी अमान को दी थी और उसी ने गाड़ी में मांस रखा था।
लोडर ट्रक से बरामदगी ने खोला राज
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। 14 जनवरी को काकोरी इलाके में एक लोडर ट्रक से करीब 12 किलो मांस बरामद किया गया। जांच में पता चला कि ट्रक की बुकिंग वासिफ के मोबाइल नंबर से की गई थी, लेकिन असल में यह बुकिंग उसकी पत्नी आमना ने की थी। मांस भोपाल से लाया गया था और इसमें अमान की भूमिका सामने आई।
फर्जी पहचान से संगठन में शामिल हुआ आरोपी
जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अमान ने खुद को “राहुल” बताकर बजरंग दल की सदस्यता भी ले ली थी, ताकि किसी को उस पर शक न हो और वह आसानी से अपनी साजिश को अंजाम दे सके।
आरोपी गिरफ्तार, महिला फरार
पूरी साजिश उजागर होने के बाद पुलिस ने अमान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आमना की भूमिका भी स्पष्ट हो चुकी है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ साजिश, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच अभी जारी है।
