डॉक्टरों की लापरवाही से महिला की मौत, मेडिसिन हॉस्पिटल सील करने का आदेश

Woman dies due to negligence of doctors, order to seal Medicine Hospital
 
Woman dies due to negligence of doctors, order to seal Medicine Hospital
गोंडा। प्रसव के दौरान महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए शहर के आईटीआई रोड स्थित मेडिसिन हॉस्पिटल पर बड़ी कार्रवाई की है। जांच में दोषी पाए जाने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने अस्पताल को सील करने का आदेश जारी कर दिया है।

नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के केशवपुर पहड़वा निवासी सूरज ने बीते जुलाई माह में अपनी पत्नी तारा को प्रसव के लिए मेडिसिन हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान डॉक्टरों की गंभीर लापरवाही के कारण तारा की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए दोषी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन सीएमओ द्वारा तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी।
जांच टीम ने विस्तृत पड़ताल के बाद अपनी रिपोर्ट में मेडिसिन हॉस्पिटल और वहां कार्यरत डॉक्टरों को दोषी ठहराया। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि प्रसव के दौरान निर्धारित मानक चिकित्सा प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया, जिससे महिला की जान चली गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर वर्तमान सीएमओ डॉ. संतलाल ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पताल सील करने के निर्देश जारी किए हैं। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को निजी अस्पतालों में हो रही लापरवाही के खिलाफ एक अहम कदम माना जा रहा है।

Tags