भैंस बांधने को लेकर विवाद में मारपीट, घायल महिला की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम
पुलिस के अनुसार, रतसर कला के वार्ड नंबर चार निवासी हीरालाल राजभर ने गुरुवार को गड़वार थाने में तहरीर देकर बताया कि मंगलवार शाम उनकी पत्नी आशा देवी अपनी पुश्तैनी जमीन पर भैंस बांधने गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने एकजुट होकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
आशा देवी को बचाने के लिए हरेन्द्र राजभर की पत्नी निराशा देवी भी मौके पर पहुंचीं, लेकिन आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां गुरुवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर गड़वार थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के परिजनों से बातचीत की। मामले में अब तक तीन नामजद आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।
