डबल इंजन सरकार की योजनाओं से महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर : रजनी तिवारी
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी जानकारी के अनुसार प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने विधानसभा और विधान परिषद के संयुक्त विशेष सत्र में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए।
उन्होंने 18वीं विधानसभा के वर्ष 2026 के द्वितीय विशेष सत्र में “महिला सशक्तिकरण पर अनवरत चर्चा” विषय पर बोलते हुए कहा कि महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आरक्षण बेहद जरूरी है। इस दौरान उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम में प्रस्तावित संशोधन के लोकसभा में पारित न हो पाने पर दुःख और चिंता भी जताई।
मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं।
उन्होंने उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण, शौचालय निर्माण और आवास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। उनके अनुसार इन पहलों से महिलाएं आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनी हैं।
रजनी तिवारी ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और अब संसद एवं विधानसभाओं में भी उन्हें पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।उन्होंने भारतीय संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता” की परंपरा को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आज महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति पहले से अधिक जागरूक हो चुकी हैं।
