गोयल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, सर्वाइकल कैंसर रोकथाम को लेकर निकाली गई विशाल रैली
लखनऊ। गोयल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, अनौरा कला, लखनऊ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभियान "आनंदी माँ–एक जीवन बचाओ" और "कैंसर मुक्त भारत यात्रा" के तहत महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम "नारी आरोग्य" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत चिकित्सा शिक्षकों ने महिला स्वास्थ्य पर व्याख्यान दिए, जबकि छात्राओं के बीच पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्ष नीलू त्रिवेदी एवं उपाध्यक्ष खुशबू त्रिवेदी ने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने का संदेश दिया। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन के महत्व पर विशेष जोर दिया।
रस शास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. जौली सक्सेना ने कहा कि माताओं को अपने बच्चों के साथ-साथ स्वयं के स्वास्थ्य का भी समान रूप से ध्यान रखना चाहिए।प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नीतिका गौतम ने महिला स्वास्थ्य और स्वच्छता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं।
वहीं, पंचकर्म विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रंजना राजपूत ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए समय पर टीकाकरण के महत्व को रेखांकित किया और जन्म के बाद निर्धारित टीकाकरण कार्यक्रम का पालन करने की सलाह दी।कार्यक्रम में छात्राओं ने महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता और "नारी आरोग्य" विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए तथा आकर्षक पोस्टर बनाकर स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। सभी प्रतिभागियों ने महिलाओं में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर डॉ. माधवी दीक्षित, डॉ. अविधा, डॉ. मधुलिका, डॉ. जयशीला, डॉ. जुही, डॉ. अमृथा, डॉ. गायत्री, डॉ. नीरजा, डॉ. शीतल, डॉ. वैशाली और डॉ. प्रिया पटेल सहित अनेक शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. अविनाश चंद्र श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में डॉ. नौशान रज़ा (असिस्टेंट प्रोफेसर, स्वास्थ्य वृत्त विभाग) एवं लक्ष्मी बरनवाल ने किया।

जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक का आयोजन
महिला स्वास्थ्य और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कॉलेज परिसर में चिकित्सा शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने विशाल जागरूकता रैली निकाली। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव, स्वच्छता और संतुलित जीवनशैली के बारे में लोगों को जागरूक किया।
नाटक के माध्यम से बताया गया कि एचपीवी (HPV) वायरस सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है तथा समय पर टीकाकरण इस बीमारी से बचाव का प्रभावी उपाय है। छात्रों ने यह भी बताया कि 16 वर्ष की आयु से पहले HPV वैक्सीन की दो खुराक तथा 16 से 45 वर्ष आयु वर्ग में चिकित्सकीय सलाह के अनुसार तीन खुराक लेने से बीमारी की रोकथाम में मदद मिल सकती है।
रैली में प्रो. अविनाश चंद्र श्रीवास्तव, डीन अकादमिक प्रो. सुनील गुप्ता, प्रो. संतोष अर्जुनागी, प्रो. सुबोध अस्थाना, प्रो. जौली सक्सेना, डॉ. अंकुर सक्सेना, डॉ. राकेश प्रताप सिंह, डॉ. अतुल, डॉ. नरेंद्र, डॉ. माधवी, डॉ. नीतिका, डॉ. जयशीला, डॉ. नौशान, डॉ. संदीप सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
