महिला यौन उत्पीड़न निवारण प्रकोष्ठ ने छात्राओं को किया जागरूक
महिला यौन उत्पीड़न निवारण प्रकोष्ठ के तत्वावधान में प्राचार्य प्रो. जे.पी. पांडेय के निर्देशन में मंगलवार को महारानी लाल कुंवारी पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में बी.ए. एवं बी.एससी. की छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रकोष्ठ की संयोजक वीणा सिंह ने महिला यौन उत्पीड़न निवारण प्रकोष्ठ की भूमिका एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए छात्राओं को इसकी कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
प्रकोष्ठ की वरिष्ठ सदस्य प्रो. रेखा विश्वकर्मा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए महिला सुरक्षा, सम्मान तथा लैंगिक संवेदनशीलता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण का निर्माण सभी की साझा जिम्मेदारी है।

प्रकोष्ठ की सदस्य डॉ. आकांक्षा त्रिपाठी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न अथवा अनुचित व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में निःसंकोच शिक्षकों एवं प्रकोष्ठ के सदस्यों से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रकोष्ठ की सदस्य श्रीमती पूजा मिश्रा ने छात्राओं को सुरक्षित, सकारात्मक और सहयोगात्मक वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। छात्राओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता दिखाते हुए अपने विचार साझा किए। अंत में प्रकोष्ठ की संयोजक वीणा सिंह ने उपस्थित सभी छात्राओं, शिक्षकों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
