Women T20 World Cup 2026 : ICC ने मैच ऑफिशियल्स का किया ऐलान, भारत की चार महिलाओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी
Womens T20 World Cup 2026 : क्रिकेट गलियारे में आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर उत्साह चरम पर है। आगामी 12 जून से इंग्लैंड की मेजबानी में इस मेगा टूर्नामेंट का शंखनाद होने जा रहा है, जिसका पहला मुकाबला मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। गौरतलब है कि साल 2024 में खेले गए पिछले सीजन का खिताब न्यूजीलैंड ने अपने नाम किया था और इस बार डिफेंडिंग चैंपियन के लिए अपनी बादशाहत बचाए रखना बड़ी चुनौती होगी।
टूर्नामेंट के रोमांच के बीच, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने ग्रुप स्टेज के मैचों के लिए मैच ऑफिशियल्स (अंपायर्स और मैच रेफरी) के नामों की घोषणा कर दी है। आईसीसी ने इस बड़े टूर्नामेंट के लिए कुल 14 अंपायरों और 4 मैच रेफरी के पैनल को मंजूरी दी है।
लगातार तीसरी बार मैदान पर दिखेगी सिर्फ 'नारी शक्ति'
महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के इरादे से आईसीसी ने इस बार भी एक खास रिकॉर्ड कायम रखा है। यह लगातार तीसरा मौका है जब महिला टी20 वर्ल्ड कप के सभी मैचों का संचालन पूरी तरह से महिला ऑफिशियल्स द्वारा किया जाएगा।
टूर्नामेंट और अंपायर्स से जुड़ी मुख्य बातें:
-
इस टूर्नामेंट में फाइनल समेत कुल 33 मुकाबले खेले जाएंगे।
-
घोषित किए गए 18 सदस्यीय पैनल में से 9 सदस्य ऐसे हैं, जो साल 2024 के पिछले वर्ल्ड कप में भी अंपायरिंग और रेफरी की भूमिका निभा चुकी हैं।
-
सबसे अनुभवी अंपायर: ऑस्ट्रेलिया की क्लेयरे पोलोसाक इस पैनल की सबसे अनुभवी सदस्य हैं। यह उनका छठा टी20 वर्ल्ड कप होगा और वे अब तक 22 मैचों में अंपायरिंग कर चुकी हैं। उनके बाद जैकलीन विलियम्स और किम कॉटन (19-19 मैच) का नाम आता है।
पैनल में चमका भारत का नाम, 4 महिलाओं को मिली जगह
भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए गर्व की बात यह है कि इस प्रतिष्ठित वर्ल्ड कप पैनल में भारत की चार बेटियों को जगह दी गई है। इनमें से तीन मैदान पर अंपायरिंग के जौहर दिखाएंगी, जबकि एक मैच रेफरी की महत्वपूर्ण भूमिका में होंगी।
-
मैच रेफरी: भारत की सबसे अनुभवी मैच रेफरी जीएस लक्ष्मी एक बार फिर इस जिम्मेदारी को निभाती नजर आएंगी। वे 2024 के वर्ल्ड कप पैनल का भी हिस्सा थीं।
-
अंपायर्स: मैदानी अंपायरिंग के लिए भारत की जननी एन, वृंदा राठी और गायत्री वेणुगोपालन को आईसीसी के मुख्य पैनल में शामिल किया गया है।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026: मैच ऑफिशियल्स का पूरा पैनल
अंपायर्स लिस्ट (14): जननी एन (भारत), वृंदा राठी (भारत), गायत्री वेणुगोपालन (भारत), किम कॉटन, लॉरेन एजेनबैग, अन्ना हैरिस, शथिरा जाकिर जेसी, केरिन क्लासे, कैंडेस ला बोर्डे, निमाली परेरा, क्लेयर पोलोसाक, सुजैन रेडफर्न, एलोइस शेरिडन और जैकलीन विलियम्स।
मैच रेफरी लिस्ट (4): जीएस लक्ष्मी (भारत), ट्रुडी एंडरसन, शैंड्रे फ्रिट्ज और मिशेल परेरा।
