Women's T20 World Cup: इतिहास रचने की कगार पर हरमनप्रीत कौर विशेष क्लब' में एंट्री के लिए बनाने हैं सिर्फ 19 रन

Women's T20 World Cup: Harmanpreet Kaur on the verge of making history; needs just 19 runs to enter an 'exclusive club'.
 
Harmanpreet Kaur

महिला क्रिकेट के सबसे बड़े महाकुंभ यानी आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के 10वें संस्करण का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। इस बार इस मेगा टूर्नामेंट की मेजबानी 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) करने जा रहा है। खिताब की प्रबल दावेदारों में शुमार भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबले से करेगी।

पिछले कुछ सालों में टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया के शानदार ग्राफ के पीछे कप्तान हरमनप्रीत कौर का कुशल नेतृत्व और दमदार बल्लेबाजी रही है। इस बार जहां फैंस को भारत के पहले महिला टी20 वर्ल्ड कप खिताब का इंतजार है, वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर के पास टूर्नामेंट के पहले ही मैच में एक ऐसा 'स्पेशल क्लब' का हिस्सा बनने का सुनहरा मौका होगा, जहां आज तक कोई भी भारतीय कप्तान नहीं पहुंच सका है।

महान कप्तानों की लिस्ट में शामिल होने के लिए चाहिए महज 19 रन

महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज मेग लैनिंग के नाम है। हरमनप्रीत कौर इस प्रतिष्ठित सूची में फिलहाल चौथे स्थान पर काबिज हैं।

  • दौड़ 500 रनों की: हरमनप्रीत ने अब तक टी20 वर्ल्ड कप के 19 मैचों में कप्तानी करते हुए 32.06 के बेहतरीन औसत से 481 रन बनाए हैं।

  • इतिहास रचने का मौका: आगामी टूर्नामेंट में जैसे ही हरमनप्रीत के बल्ले से सिर्फ 19 रन निकलेंगे, वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में बतौर कप्तान 500 या उससे अधिक रन बनाने वाली दुनिया की सिर्फ चौथी और भारत की पहली खिलाड़ी बन जाएंगी।

टी20 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान सर्वाधिक रन (टॉप-5)

खिलाड़ी (देश) बतौर कप्तान कुल रन
मेग लैनिंग (ऑस्ट्रेलिया) 854 रन
चार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) 768 रन
चमारी अटापट्टू (श्रीलंका) 500 रन
हरमनप्रीत कौर (भारत) 481 रन
सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) 473 रन

नंबर-1 की गद्दी के लिए हरमनप्रीत और अटापट्टू में होगी 'कांटे की टक्कर'

इस वर्ल्ड कप में केवल खिताब ही नहीं, बल्कि एक और वैश्विक रिकॉर्ड के लिए भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू के बीच मैदान पर जबरदस्त जंग देखने को मिलेगी।

दरअसल, ओवरऑल महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय (T20I) क्रिकेट में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में हरमनप्रीत कौर इस समय विश्व में पहले नंबर पर हैं, जिनके नाम 3,145 रन दर्ज हैं। हालांकि, श्रीलंका की चमारी अटापट्टू उनके बिल्कुल करीब पहुंच चुकी हैं। अटापट्टू के नाम बतौर कप्तान 3,131 रन हैं। दोनों धाकड़ खिलाड़ियों के बीच महज 14 रनों का फासला है। ऐसे में यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि इस टी20 वर्ल्ड कप के खत्म होने तक दुनिया का नंबर-1 कप्तान बल्लेबाज कौन बनता है।

Tags