जिले की सभी स्वास्थ्य इकाइयों में मनाया जाएगा विश्व मधुमेह दिवस

World Diabetes Day will be celebrated in all the health units of the district
 
जिले की सभी स्वास्थ्य इकाइयों में मनाया जाएगा विश्व मधुमेह दिवस
बलरामपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी के निर्देशन में विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 14 नवम्बर 2025 को जनपद की सभी स्वास्थ्य इकाइयों—03 जिला अस्पताल, 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 32 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों—पर विशेष स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जन-जागरूकता कार्यक्रम, निःशुल्क ब्लड शुगर जांच, स्वास्थ्य परामर्श शिविर तथा मधुमेह की रोकथाम और नियंत्रण पर विशेष वार्ता का आयोजन होगा। चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी आमजन को मधुमेह के लक्षण, कारण, बचाव और नियंत्रण के उपायों के बारे में जानकारी प्रदान करेंगे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रस्तोगी ने बताया कि मधुमेह वर्तमान समय की एक गंभीर जनस्वास्थ्य चुनौती बन चुकी है। इसके पीछे असंतुलित जीवनशैली, अनुचित खानपान और शारीरिक निष्क्रियता जैसे प्रमुख कारण हैं। उन्होंने कहा कि “मधुमेह को केवल दवाओं से नहीं, बल्कि अनुशासित और संतुलित जीवनशैली से नियंत्रित किया जा सकता है।”
सीएमओ ने आम नागरिकों से अपील की कि वे नियमित रूप से अपने ब्लड शुगर की जांच करवाएं, संतुलित आहार लें, मीठे खाद्य पदार्थों का सीमित सेवन करें और प्रतिदिन कम से कम आधे घंटे तक शारीरिक गतिविधि अवश्य करें।
डॉ. रस्तोगी ने बताया कि विश्व मधुमेह दिवस का उद्देश्य लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस अवसर पर अधिक से अधिक लोगों की जांच की जाए और उन्हें मधुमेह की रोकथाम संबंधी उपयोगी जानकारी प्रदान की जाए।

Tags