आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में मनाया गया विश्व ओजोन दिवस
लखनऊ। आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, बादशाहनगर, लखनऊ में विश्व ओजोन दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को ओजोन परत के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राधिकृत नियंत्रक डॉ. दिनेश कुमार एवं प्रधानाचार्या डॉ. ममता किरण राव के मार्गदर्शन में किया गया। शिक्षिकाओं ने छात्राओं को बताया कि ओजोन परत सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी किरणों से पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके संरक्षण के लिए पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार आवश्यक है।
स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में छात्राओं ने लिया हिस्सा
विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर विद्यालय में स्लोगन लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए ओजोन परत के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रधानाचार्या डॉ. ममता किरण राव द्वारा पुरस्कृत किया गया। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिका मधुमिता लोहनी ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
