एसकेडी कॉलेज ऑफ फार्मेसी में सप्ताह भर की गतिविधियों के साथ मनाया गया विश्व फार्मासिस्ट दिवस

‘आज की फार्मेसी, स्वस्थ कल’ थीम पर सामुदायिक आउटरीच, रैली, नुक्कड़ नाटक और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
 
एसकेडी कॉलेज ऑफ फार्मेसी में सप्ताह भर की गतिविधियों के साथ मनाया गया विश्व फार्मासिस्ट दिवस

लखनऊ, 25 सितंबर 2026। एसकेडी कॉलेज ऑफ फार्मेसी में विश्व फार्मासिस्ट दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह “Pharmacy Today • A Healthier Tomorrow” (आज की फार्मेसी • स्वस्थ कल) थीम के तहत 21 से 25 सितंबर तक आयोजित सप्ताह भर की शैक्षणिक, रचनात्मक एवं सामुदायिक गतिविधियों का समापन समारोह रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ एसकेडी ग्रुप के क्लिनिकल डायरेक्टर डॉ. आशीष सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके साथ ही फार्मासिस्ट सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने फार्मेसी क्षेत्र, जनस्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों में सक्रिय भागीदारी की।

सप्ताह भर चलीं विभिन्न गतिविधियां

21 से 25 सितंबर तक आयोजित फार्मासिस्ट सप्ताह के अंतर्गत सामुदायिक आउटरीच कार्यक्रम, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, रील मेकिंग प्रतियोगिता, जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, मॉडल प्रतियोगिता और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को फार्मेसी के व्यावसायिक पक्ष के साथ-साथ जनस्वास्थ्य के प्रति उनकी सामाजिक जिम्मेदारियों से भी परिचित कराया गया।

विश्व फार्मासिस्ट दिवस समारोह के दौरान जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में फार्मासिस्टों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को भावी स्वास्थ्य पेशेवर के रूप में ज्ञान, नैतिकता, उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता के उच्च मानकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

फार्मेसी क्षेत्र की जिम्मेदारियों और अवसरों पर जोर

समारोह में एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के निदेशक मनीष सिंह, एसकेडी ग्रुप के क्लिनिकल डायरेक्टर डॉ. आशीष सिंह तथा असिस्टेंट डायरेक्टर-एकेडमिक्स कुसुम बत्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही।उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए फार्मेसी क्षेत्र में बढ़ती जिम्मेदारियों और उपलब्ध अवसरों को समझने तथा अपने ज्ञान एवं कौशल को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

सप्ताह भर आयोजित गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने फार्मेसी और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अपनी समझ को रचनात्मक एवं व्यावहारिक तरीके से प्रस्तुत किया। 25 सितंबर को आयोजित मुख्य समारोह के साथ फार्मासिस्ट सप्ताह का समापन हुआ।

Tags