‘ये प्रेम मोल लिया’ को सेंसर बोर्ड की मंजूरी, बिना किसी कट के पास हुई आयुष्मान-शरवरी की फिल्म; मिला UA 13+ सर्टिफिकेट
27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी सूरज बड़जात्या की फैमिली ड्रामा, 2 घंटे 53 मिनट है फिल्म का रनटाइम
आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से हरी झंडी मिल गई है। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फैमिली ड्रामा फिल्म को बिना किसी कटौती के UA 13+ सर्टिफिकेट दिया गया है। फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
इस फिल्म के साथ सूरज बड़जात्या करीब चार साल बाद निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। उनकी वापसी और आयुष्मान-शरवरी की नई जोड़ी को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। खास बात यह है कि आमतौर पर सूरज बड़जात्या की फिल्मों को U सर्टिफिकेट मिलता रहा है, जबकि ‘ये प्रेम मोल लिया’ उनकी दूसरी फिल्म है, जिसे U/A प्रमाणपत्र मिला है।
2 घंटे 53 मिनट की होगी फिल्म
‘ये प्रेम मोल लिया’ का कुल रनटाइम 173 मिनट यानी 2 घंटे 53 मिनट है। इस अवधि के साथ यह सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी तीसरी सबसे लंबी फिल्म बन गई है। उनकी सबसे लंबी फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ है, जिसमें सलमान खान और माधुरी दीक्षित मुख्य भूमिकाओं में थे। इस फिल्म का रनटाइम 3 घंटे 13 मिनट है। वहीं, उनकी चर्चित फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ की अवधि 3 घंटे 4 मिनट है।
फिल्म में नजर आएंगे कई जाने-माने कलाकार
फिल्म में आयुष्मान खुराना प्रेम मिश्रा और शरवरी वाघ पूर्वा सोलंकी की भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सौम्या टंडन, सीमा पाहवा, शाद रंधावा और स्वानंद किरकिरे भी अहम किरदार निभा रहे हैं।
फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स ने किया है, जबकि इसका संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। सूरज बड़जात्या की फिल्मों में ‘प्रेम’ का किरदार हमेशा खास पहचान रखता है। उनकी फिल्मों में सलमान खान से लेकर शाहिद कपूर तक इस नाम के किरदार निभा चुके हैं। अब इस परंपरा को आयुष्मान खुराना आगे बढ़ाते नजर आएंगे।
क्या है ‘ये प्रेम मोल लिया’ की कहानी?
फिल्म की कहानी प्रेम मिश्रा और पूर्वा सोलंकी के इर्द-गिर्द घूमती है। प्रेम अपनी पत्नी और उसके परिवार का साथ देने के लिए अपने पूरे परिवार के साथ पत्नी के घर में रहने का फैसला करता है। इसके बाद एक ही छत के नीचे दो परिवारों के बीच तालमेल बैठाने और आपसी रिश्तों को संभालने की चुनौती सामने आती है।
यह आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की साथ में पहली फिल्म है। दोनों कलाकार पहली बार सूरज बड़जात्या के निर्देशन में भी काम कर रहे हैं। फिल्म के डिजिटल रिलीज की बात करें तो इसके सिनेमाघरों में प्रदर्शन के बाद प्राइम वीडियो पर आने की जानकारी सामने आई है। अब दर्शकों की नजर 27 नवंबर को होने वाली इसकी थिएटर रिलीज पर है।
