सरोजिनी नगर वृद्धाश्रम में योग एवं ध्यान शिविर का शुभारंभ

योग के साथ-साथ आहार-विहार का विशेष ध्यान रखना चाहिए : डॉ. कल्पना सिंह
 
bsbs
लखनऊ, 15 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित योग सप्ताह के अंतर्गत सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, सरोजिनी नगर में योग एवं ध्यान शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान, संदीप नेचुरोपैथी फाउंडेशन एवं लखनऊ इंस्टीट्यूट ऑफ योगा एंड नेचुरोपैथी साइंसेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की आधिकारिक थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" को केंद्र में रखते हुए आयोजित इस शिविर में वृद्धजनों को योग एवं ध्यान के महत्व से अवगत कराया गया। संदीप नेचुरोपैथी फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं निदेशक डॉ. कल्पना सिंह ने कहा कि वृद्धावस्था में योग और ध्यान का नियमित अभ्यास अत्यंत लाभकारी है, लेकिन इसे किसी कुशल एवं प्रशिक्षित योग विशेषज्ञ के मार्गदर्शन में ही करना चाहिए। उन्होंने मानसिक शांति और एकाग्रता के लिए दैनिक जीवन में ध्यान को शामिल करने तथा संतुलित आहार-विहार अपनाने पर विशेष बल दिया।

z  z


लखनऊ इंस्टीट्यूट ऑफ योगा एंड नेचुरोपैथी साइंसेज की निदेशक शिवानी ने स्वस्थ जीवनशैली के लिए अच्छी स्वास्थ्य संबंधी आदतों को अपनाने तथा बुरी आदतों का त्याग करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। शिविर की मुख्य योग प्रशिक्षिका स्वाति सिंह ने आयुष मंत्रालय के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी प्रतिभागियों को योग एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि यह शिविर 21 जून तक निरंतर संचालित किया जाएगा।

x  x


कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्री देवी ने किया। शिविर के समापन सत्र में सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान के सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर के. वी. बाजपेयी ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रतिभागियों के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया तथा सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। शिविर में सैकड़ों की संख्या में वृद्ध महिला एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग एवं ध्यान का लाभ प्राप्त किया।

Tags