अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पतंजलिपुरी कोंडर में योग, कवि सम्मेलन और सम्मान समारोह आयोजित
गोंडा। सनातन धर्म परिषद एवं श्री पतंजलि जन्मभूमि न्यास के तत्वावधान में 21 जून 2026 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन महर्षि पतंजलि जन्मभूमि, पतंजलिपुरी कोंडर (गोंडा) में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए स्वामी भगवदाचार्य ने बताया कि प्रातः 7 बजे योगाभ्यास का आयोजन तरबगंज के विधायक प्रेम नारायण पांडेय के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर विद्वानों ने योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य तथा मानव जीवन पर सकारात्मक प्रभावों पर अपने विचार व्यक्त किए।
दोपहर 12 बजे से सनातन साहित्यकार परिषद के तत्वावधान में कवि सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सम्मेलन में रामकरण मिश्र 'सैलानी', शिवाकांत मिश्र 'विद्रोही', डॉ. संत शरण त्रिपाठी, अयोध्या प्रसाद शर्मा 'नवीन', देवेश चंद्र मिश्र 'मजनू', पुंडरीक पांडेय सहित अनेक साहित्यकारों एवं कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।
इस अवसर पर साहित्यकारों को 'महर्षि पतंजलि सम्मान' से सम्मानित किया गया। साथ ही 'श्री पतंजलि चालीसा' का लोकार्पण एवं सामूहिक गायन भी किया गया। श्री अशोक कुमार शुक्ला (प्राचार्य) तथा श्री शिव पूजन अवस्थी (प्राचार्य, बहराइच) ने 'श्री पतंजलि चालीसा' के प्रकाशन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधान प्रतिनिधि विपिन कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। योग शिक्षक रविशंकर द्विवेदी एवं भोले सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में सभी श्रद्धालुओं एवं उपस्थित जनों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया।
