योगी कैबिनेट का आगरा को बड़ा तोहफा, मेट्रो कॉरिडोर निर्माण हेतु भूमि हस्तांतरण को मंजूरी
इस निर्णय पर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं आगरा दक्षिण विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे आगरा के लिए बड़ी सौगात बताया।मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आगरा कैंट से कालिन्दी विहार तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, लोगों के समय की बचत होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार आगरा को विश्वस्तरीय शहरी अवसंरचना से सुसज्जित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि आगरा मेट्रो परियोजना से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी तेज, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे शहर की आधुनिक परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती प्राप्त होगी।
उल्लेखनीय है कि मौजा चक अव्वल, तहसील सदर स्थित खसरा संख्या-618, नजूल भूखंड संख्या-1619 में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर की पार्क के रूप में उपलब्ध 550 वर्गमीटर रिक्त भूमि को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड को मेट्रो स्टेशन एवं वायडक्ट निर्माण के लिए हस्तांतरित किया जाएगा। यह भूमि निर्धारित शर्तों एवं प्रतिबंधों के अधीन सर्किल दर पर छूट प्रदान करते हुए निःशुल्क आवंटित की जाएगी।
