योगी आदित्यनाथ ने ‘शतक’ की सराहना की
“आरएसएस की 100 वर्षों की यात्रा पर बनी यह फिल्म एक प्रेरणादायी पहल है”
Fri, 20 Feb 2026
यूपी/एमपी, फरवरी 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर फिल्म निर्माता वीर कपूर से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की प्रेरणादायी यात्रा पर आधारित फिल्म शतक-संघ के 100 वर्ष को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात से जुड़ी तस्वीर अपने आधिकारिक ट्विटर (एक्स) हैंडल पर भी साझा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फिल्म की सराहना करते हुए ‘शतक’ की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा, ऐसी फिल्में समाज को संगठन के इतिहास, उसके मूल विचारों और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान से परिचित कराती हैं।
फिल्म निर्माता वीर कपूर ने मुख्यमंत्री को फिल्म निर्माण की पृष्ठभूमि और शोध प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह फिल्म संघ की शताब्दी यात्रा, उसके वैचारिक आधार, संगठनात्मक विकास और विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यों को समग्र रूप से प्रस्तुत करती है।
भेंट के दौरान फिल्म का पोस्टर भी मुख्यमंत्री को भेंट किया गया। पूरी मुलाकात सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।
