‘योगी की पाती’ बनी सरकार और जनता के बीच संवाद का मजबूत माध्यम, जगतगुरु सतीशाचार्य जी महाराज ने की पहल की सराहना

जगतगुरु बोले- मुख्यमंत्री योगी ने हर वर्ग तक पहुंचने का किया प्रयास, पाती से नागरिकों को मिलता है यह भरोसा कि सरकार उनकी बात सुन रही है

लखनऊ में ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर आयोजित की गई विशेष प्रदर्शनी, सात दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव में दिखेगी प्रदेश की विकास यात्रा

 
‘योगी की पाती’ बनी सरकार और जनता के बीच संवाद का मजबूत माध्यम, जगतगुरु सतीशाचार्य जी महाराज ने की पहल की सराहना

लखनऊ, 18 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल ‘योगी की पाती’ ने जनता और सरकार के बीच संवाद का एक नया माध्यम स्थापित किया है। इस पहल के 50 सप्ताह पूरे होने पर समाज के विभिन्न वर्गों से इसे सराहना मिल रही है। जगतगुरु स्वामी सतीशाचार्य जी महाराज ने भी ‘योगी की पाती’ के विभिन्न संस्करणों का अध्ययन करने के बाद मुख्यमंत्री की इस पहल की प्रशंसा की है।

जगतगुरु सतीशाचार्य जी महाराज ने कहा कि ‘योगी की पाती’ प्रदेश के नागरिकों को यह भरोसा दिलाती है कि सरकार उनकी बात सुन रही है, उनकी परेशानियों को समझ रही है और उनके सुख-दुख में परिवार के मुखिया की तरह साथ खड़ी है। उनके अनुसार, यह पहल सत्ता और समाज के बीच विश्वास तथा आत्मीयता को मजबूत करने का काम कर रही है।

शासन और जनता के बीच विश्वास का सेतु बनी ‘योगी की पाती’

जगतगुरु ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार का दायित्व केवल योजनाएं तैयार करने और उन्हें लागू करने तक सीमित नहीं है। जनता की भावनाओं, अपेक्षाओं और समस्याओं को समझना भी सुशासन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘योगी की पाती’ इसी सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि अलग-अलग विषयों पर लिखी गई पातियों के जरिए सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रद्धालुओं और समाज के अन्य वर्गों से संवाद स्थापित करने की कोशिश की है। इससे शासन की संवेदनशीलता, मानवीय दृष्टिकोण और जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने का अवसर मिला है।

50 सप्ताह की यात्रा को दर्शा रही लखनऊ की विशेष प्रदर्शनी

‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने के अवसर पर लखनऊ के गोमतीनगर स्थित 1090 चौराहे पर विशेष प्रदर्शनी आयोजित की गई है। इसमें अब तक प्रकाशित पातियों के प्रमुख संदेशों, उनके विषयों और जनसरोकारों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जा रहा है।

प्रदर्शनी के साथ सात दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव भी आयोजित किया जा रहा है। इसमें गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश के विकास, सामाजिक सरोकारों और सरकारी पहलों को प्रस्तुत किया जा रहा है। कार्यक्रम में किसान कल्याण, खेती और गोवंश संरक्षण, महिला सुरक्षा एवं सम्मान, युवाओं के रोजगार और कौशल विकास, धार्मिक विरासत, एक्सप्रेसवे, मेट्रो, औद्योगिक विकास, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य तथा शिक्षा जैसे विषयों को प्रमुखता दी गई है।

कॉफी टेबल बुक में संकलित हुई 50 सप्ताह की संवाद यात्रा

‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी कर चुके हैं। इस पुस्तक में अब तक प्रकाशित पातियों के प्रमुख संदेशों, उनके विषयों और जनहित से जुड़े मुद्दों को संकलित किया गया है।

यह पुस्तक केवल पत्रों का संग्रह नहीं, बल्कि सरकार और समाज के बीच निरंतर संवाद की यात्रा का दस्तावेज है। इसमें विकास, आस्था, सामाजिक सरोकार, जनकल्याण और प्रदेश की उपलब्धियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं को शामिल किया गया है।

 योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर आयोजित प्रदर्शनी और सांस्कृतिक उत्सव के जरिए इस पहल की अब तक की यात्रा को आमजन के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।

Tags